पटियाला, 4 नवंबर (मनप्रीत सिंह):- सुरिंदरा गैस एजेंसी से कथित तौर पर गैरकानूनी ढंग से निकाले गए सभी कर्मचारियों को बहाल करवाने, उनके बकाया भुगतान और अन्य सुविधाएं दिलाने के लिए जारी संघर्ष के अगले चरण के तहत 6 नवंबर को गैस कर्मचारी अपने परिवारों सहित स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के आवास की ओर रोष मार्च निकालेंगे।

गैस एजेंसी वर्कर्स यूनियन (इफ्टू) के प्रधान बलजिंदर सिंह खेड़ी ने बताया कि 6 नवंबर को गैस कर्मचारी अपने परिवारों सहित स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के आवास की ओर रोष मार्च करेंगे। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर को प्रशासन ने एजेंसी मालिक और गैस कर्मचारियों, दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझौता करवाया था कि 2 नवंबर को गैस एजेंसी के मालिक अपनी एजेंसी का रिकॉर्ड लेकर सहायक श्रम आयुक्त के कार्यालय पहुंचेंगे और कर्मचारियों के साथ बातचीत करेंगे। लेकिन 2 नवंबर को श्रम आयुक्त के कार्यालय में गैस मालिकों की ओर से कोई भी प्रतिनिधि नहीं पहुंचा, जिसके कारण कर्मचारियों में भारी रोष है।

यूनियन के महासचिव सुरजीत सिंह सुनियार हेड़ी ने कहा कि गैस एजेंसी के कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना लगाया जाएगा। यह धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक निकाले गए कर्मचारियों को बहाल नहीं किया जाता और उन्हें उनका बनता वेतन नहीं दिया जाता।

उपप्रधान सतपाल सिंह ने कहा कि 5 नवंबर को कीर्ति किसान यूनियन और उससे जुड़ी अन्य जत्थेबंदियों का एक प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर एडीसी और एसएसपी, पटियाला से मुलाकात करेगा।

इस मौके पर यूनियन के वित्त सचिव अवतार सिंह, इफ्टू नेता श्रीनाथ, जसविंदर सिंह जस्सी, जरनैल सिंह, धीरज कुमार, मनजीत सिंह, शामधर मिश्रा, रघबीर सिंह नाभा, जसबीर सिंह आदि उपस्थित थे।