हरोली/ऊना, 26 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- कारगिल युद्ध की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर कारगिल विजय दिवस पर प्रेस क्लब हरोली द्वारा टाहलीवाल स्थित प्रेस क्लब भवन में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों को शॉल, हिमाचली टोपी, पौधे एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का साहस और त्याग भी उतना ही सम्माननीय है तथा प्रत्येक युवा को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
विशिष्ट अतिथि हिमोत्कर्ष के प्रदेश अध्यक्ष जतिंद्र कंवर ने कहा कि कारगिल के अमर शहीदों का बलिदान देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
टाहलीवाल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और समर्पण को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग का दायित्व है कि वह शहीद परिवारों के सम्मान और सहयोग के लिए सदैव आगे आए तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करे।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों के सम्मान में आयोजित ऐसे कार्यक्रम उनकी स्मृतियों को सदैव जीवंत बनाए रखते हैं और युवाओं में राष्ट्रभक्ति एवं देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को लगभग 100 पौधे वितरित किए गए तथा सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष निरंजना राणा, प्रेस क्लब हरोली के मुख्य संरक्षक दिनेश गौतम, अध्यक्ष नारायण प्रभाकर, महासचिव नवीन महेश, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्वनी प्रभाकर, उपाध्यक्ष नितिश शर्मा, वरिष्ठ सदस्य राजीव राणा, कार्यालय सचिव सुलिंदर चौपड़ा, प्रेस सचिव पंकज चौपड़ा, कार्यकारी सदस्य विकास कोंडल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

**शहीद परिवारों की गरिमामयी उपस्थिति**
समारोह में शहीद जोगिंदर सिंह (हरोली), शहीद परमवीर सिंह (बीटन), शहीद संजीव कुमार (दुलेहड़), शहीद हरमेश सिंह (बीड़दवाल), शहीद बुट्टा राम (बीटन) तथा शहीद कुलिंद्र सिंह (बीटन) के परिजनों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई। इसके अलावा ऑपरेशन सिंदूर में घायल हुए वीर जवान ब्यास देव भी विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उनके साहस और समर्पण का भी सम्मान किया गया।