करनाल- श्री कृष्ण गऊशाला (गऊशाला रोड) में गोपाष्टमी महोत्सव मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 30 अक्तूबर को गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। गऊशाला को भव्य रूप में सजाया गया है।
गायों की पूजा और सेवा करने वाले लोगों को संत महात्माओं के प्रवचन सुनने का सुअवसर मिलेगा। शंकराचार्य श्री ज्ञानानंद जी तीर्थ भानपुरा पीठाधीश्वर विशेष रूप से आाशीर्वाद देने के लिए पहुंचेंगे। मंगलवार को श्री कृष्ण गऊशाला की प्रबंधन समिति की ओर से पे्रसवार्ता कर महोत्सव की जानकारी विस्तार रूप से दी गई।
इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष डा. एसके गोयल व महासचिव राम कुमार गुप्ता ने कहा कि समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक जगमोहन आनंद, मेयर रेणु बाला गुप्ता, गौसेवा आयोग हरियाणा के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग, समाजसेवी सतीश गोयल, समाजसेवी राजकुमार गोयल व समाजसेवी पदमसेन गुप्ता को आमंत्रित किया गया है।
गुरुवार को कार्यक्रम की शुरूआत सुबह आठ बजे हवन यज्ञ के साथ होगी। समारोह की शुरूआत सुबह 9.15 बजे दीप प्रज्जवलन व गऊ पूजन के साथ की जाएगी। इसके बाद संत महात्माओं के प्रवचन सुनने को मिलेंगे। दोपहर को भंडारा लगाकर प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
लोगों से आह्वान किया है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में गऊशाला पहुंचकर धर्म लाभ उठाएं। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अरूण गुप्ता, प्रकल्प प्रमुख गुरदयाल अग्रवाल, दुलिया राम शर्मा, अशीष गुप्ता, विवेक अग्रवाल, सचिन गर्ग, अजय सैनी, राजकुमार मैनी, बलबीर लाठर व संजीव गुप्ता आदि मौजूद रहे।
श्री कृष्ण गऊशाला में गोपाष्टमी महोत्सव की तैयारियां पूर्ण स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य आकर्षण
