ऊना, 28 अक्टूबर। माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। इसी कड़ी में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बुधवार को बीडीओ कार्यालय, अंब के सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव 22 से 24 नवंबर तक उपमंडल अंब के मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 22 नवंबर को माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जो एसडीएम कार्यालय, अंब तक पहुंचेगी। महोत्सव के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू तथा समापन समारोह के लिए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आगमन प्रस्तावित है।
जतिन लाल ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव आस्था, लोक-संस्कृति और पर्यटन का अनूठा संगम है। पिछले वर्ष 14 से 16 नवंबर तक अंब मैदान में आयोजित महोत्सव को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी मिली थी। महोत्सव ने प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इस वर्ष भी आयोजन को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक संध्याओं, लोक-कलाओं की प्रस्तुतियों, खेल प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न जनसहभागिता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
12 और 13 नवंबर को होंगे कलाकारों के ऑडिशन
उपायुक्त ने बताया कि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में भाग लेने के इच्छुक कलाकारों के ऑडिशन 12 और 13 नवंबर को महाराणा प्रताप कॉलेज, अंब में आयोजित किए जाएंगे। नामी कलाकारों तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों एवं पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी जाएगी।
इच्छुक कलाकार एसडीएम कार्यालय, अंब में आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, आवेदन ई-मेल [email protected] पर भी भेजे जा सकते हैं।
उपायुक्त जतिन लाल ने संबंधित विभागों को महोत्सव से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ विभिन्न विभागों की टीमें गठित की जाएंगी, ताकि आपसी समन्वय से सभी प्रबंध सुचारू रूप से पूरे किए जा सकें। महोत्सव के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में बीडीसी चेयरमैन शारदा देवी, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, डीएसपी अनिल पटियाल, बीडीओ अंब ओमपाल डोगरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
