हरोली/ऊना, 5 अगस्त:- गिड़गिड़ा साहिब की शाखा टाहलीवाल साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रथम प्रकाश श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक मर्यादा के साथ संपन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेका तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ किया गया। अखंड पाठ साहिब की सेवा डेरे के सेवादार एवं पाठी कुलविंदर सिंह को सौंपी गई। अखंड पाठ साहिब के भोग उपरांत बुधवार को विशेष दीवान सजाए जाएंगे, जिनमें रागी जत्थे गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।
प्रकाश उत्सव के दौरान गुरु का अटूट लंगर निरंतर चलता रहेगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने समस्त संगत से परिवार सहित पहुंचकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने एवं प्रकाश उत्सव में भाग लेने की अपील की है।
इस अवसर पर गिड़गिड़ा साहिब कमेटी के प्रधान सतनाम सिंह, उपप्रधान मास्टर रविंदर सिंह, टाहलीवाल शाखा के अन्य कमेटी सदस्य तथा बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।
गिड़गिड़ा साहिब शाखा टाहलीवाल में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रथम प्रकाश श्रद्धा से संपन्न हुआ प्रकाश उत्सव
