करनाल, 31 मार्च:- मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन कर श्रद्धालु मंगलवार शाम सकुशल करनाल रेलवे स्टेशन पहुंचे। तीर्थयात्रियों के करनाल पहुँचने पर प्रशासन की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने रेलवे स्टेशन पर पहुँच कर सभी तीर्थयात्रियों का फूल मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को यात्रा की बधाई दी।

श्रद्धालुओं ने जताया मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार
अयोध्या से लौटे तीर्थयात्रियों के चेहरों पर भक्ति और संतोष का भाव था। यात्रियों ने बताया कि अयोध्या में रामलला के दर्शन का अनुभव अद्भुत और अविस्मरणीय रहा। उन्होंने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान रहने, खाने-पीने और सुरक्षा के बेहतरीन इंतजाम किए गए थे, जिससे उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

नायब जी को जय श्रीराम, मोदी जी को जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा करनाल रेलवे स्टेशन
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अयोध्या से जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर रुकी, श्रद्धालुओं ने पूरे जोश के साथ "नायब जी को जय श्रीराम" और "मोदी जी को जय श्रीराम" के नारे लगाए, जिससे माहौल पूरा भक्तिमय हो गया।

यात्रियों के लिए की गई बसों की व्यवस्था
जीएम कुलदीप सिंह ने जानकारी दी कि स्टेशन से तीर्थयात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाने के लिए रोडवेज की विशेष बसों का प्रबंध किया गया है।