गढ़शंकर, 25 अक्टूबर 2026:- गढ़शंकर क्षेत्र में पंचायत की जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद हिंसक रूप ले गया। इस मामले में घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और महिला के अपमान की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पंचायत के साथ जमीन को लेकर यह विवाद पांच पीढ़ियों से चल रहा था और मामला माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में भी विचाराधीन रहा है। 23 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे गढ़शंकर में एक घर पर कथित हमले के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बिशंभर कुमार पुत्र करम चंद, यशपाल पुत्र बिशंभर कुमार, अमित कुमार पुत्र दर्शन लाल, रितेश कुमार पुत्र राजिंदर कुमार, सुनील दत्त पुत्र मुलख राज, सन्नी कुमार पुत्र सुनील दत्त, संजीव कुमार पुत्र गुरबख्श राय, राकेश कुमार पुत्र तरलोक चंद और नितिश पुत्र लाड़ी, सभी निवासी गढ़शंकर, सहित कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने घर के गेट को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मारपीट की। आरोप है कि घर और बाहर रखे खोखे में भी तोड़फोड़ की गई तथा परिवार को धमकियां दी गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित परिवार को इलाज के लिए सिविल अस्पताल गढ़शंकर में भर्ती करवाया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 23 अक्टूबर को ही थाना गढ़शंकर के मुंशी को लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। 24 अक्टूबर को दोबारा लड़ाई की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए 25 अक्टूबर 2026 को थाना गढ़शंकर में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) नंबर 0194 दर्ज की। यह एफआईआर शाम 15:50 बजे दर्ज हुई, जबकि थाने में सूचना दोपहर 14:40 बजे प्राप्त हुई थी। रोज़नामचा (जनरल डायरी) में इसकी एंट्री नंबर 011 के तहत 15:00 बजे की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धाराओं 115(2), 190, 351(2), 324(4) और 79 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए मेडिको-लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) नंबर GPS/55/GSR, दिनांक 23-10-2026 प्राप्त की है, जिसमें डॉक्टर ने पांच चोटों का उल्लेख किया है। डॉक्टर से फिटनेस रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। घटनास्थल थाना गढ़शंकर से पूर्व दिशा में करीब तीन किलोमीटर दूर बताया गया है।

इस पूरे मामले की जांच और पुष्टि सब-इंस्पेक्टर (एसआई) कौशल चंदर तथा थाना प्रभारी के प्रतिनिधि सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) राज कुमार, नंबर 1594/HPR द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।