हांसी (दिनकर गावड़ी):- हांसी जिले के प्रथम जिला स्तरीय बाल महोत्सव का शुभारंभ विधायक विनोद भयाना के पुत्र साहिल भयाना ने दीप प्रज्वलित करके किया। महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर जिला बाल कल्याण अधिकारी ओम प्रकाश ने मुख्य अतिथि साहिल भयाना तथा सीटीएम हिमांशु चौहान को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।

जिला बाल कल्याण परिषद परिसर में 31 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस बाल महोत्सव में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। अब तक लगभग 500 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए पंजीकरण करवाया है। बच्चों की रुचि, रचनात्मक क्षमता, कलात्मक कौशल और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें ग्रुप डांस, क्ले मॉडलिंग, कार्ड मेकिंग, सोलो डांस, हैंडराइटिंग तथा बेस्ट ड्रामेबाज प्रतियोगिताएं प्रमुख हैं।

मुख्य अतिथि साहिल भयाना ने कहा कि बाल महोत्सव बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर बेहतर दिशा दी जा सकती है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी कला, रचनात्मकता और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, कलात्मक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए। प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में केवल जीतना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि पूरे उत्साह और मेहनत के साथ भाग लेना भी अपने आप में एक उपलब्धि है। उन्होंने आयोजकों को इस पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाल महोत्सव जैसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर सीटीएम हिमांशु चौहान ने कहा कि बाल भवन में आकर उन्हें अपनापन महसूस हो रहा है और यहां का वातावरण देखकर बचपन की यादें ताजा हो गई हैं। उन्होंने अपने बचपन की यादें बच्चों के साथ साझा कीं और उन्हें जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन के साथ मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना, समय का सदुपयोग करना और अपने कार्य के प्रति समर्पित रहना आवश्यक है। बच्चों को अपनी रुचि के अनुसार गतिविधियों में भाग लेना चाहिए और प्रत्येक अवसर से कुछ नया सीखने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बाल महोत्सव को बच्चों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला मंच बताया।

जिला बाल कल्याण अधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि बाल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागी मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। वहीं, फैंसी ड्रेस, क्ले मॉडलिंग, दीया-कैंडल, कार्ड मेकिंग, भाषण, थाली पूजन, कलश सजावट, फन गेम, हैंडराइटिंग, रंगोली तथा बेस्ट ड्रामेबाज जैसी निर्धारित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय बाल महोत्सव में विद्यार्थियों की भागीदारी को लेकर स्कूलों में उत्साह देखने को मिल रहा है। लगभग 500 विद्यार्थियों द्वारा पंजीकरण करवाया जाना इस बात का संकेत है कि बच्चे अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें तथा दूसरे प्रतिभागियों की प्रतिभा का भी सम्मान करें।

जिला बाल कल्याण अधिकारी ने आगे बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को 14 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय बाल दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर बच्चों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें भविष्य में भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाल महोत्सव का उद्देश्य बच्चों को ऐसा सकारात्मक मंच उपलब्ध करवाना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ नई चीजें सीख सकें और अपनी क्षमताओं को पहचान सकें।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उपस्थित अतिथियों में उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर सतपाल खांडेवाला, विनय जैन, अभय राम अल्हान, जयप्रकाश न्योलिया, रामलाल न्योलिया, कर्मवीर, प्रतीक गोयल, देवेंद्र अत्री, विनोद सैनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

आज की प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:


कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता

प्रथम स्थान: तिशा, गुरु तेग बहादुर स्कूल, हांसी।

द्वितीय स्थान: पनव, बाबा बंदा बहादुर पब्लिक स्कूल, हांसी।

तृतीय स्थान: गर्वित, द इंडियन पब्लिक स्कूल, सुल्तानपुर।

सांत्वना पुरस्कार: पार्तिक, एस.डी. मॉडर्न पब्लिक स्कूल, हांसी।


क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता

प्रथम स्थान: अरुण, आनंद निकेतन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी।

द्वितीय स्थान: अनन्या, आर.पी.एस. पब्लिक स्कूल, हांसी।

तृतीय स्थान: छवि, एस.डी. मॉडर्न पब्लिक स्कूल, हांसी।

सांत्वना पुरस्कार: जानवी, टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल।


हिंदी सुलेख प्रतियोगिता – प्रथम समूह

प्रथम स्थान: मीनाक्षी वर्मा, गायत्री विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी।

द्वितीय स्थान: तेजस्वी, आर.पी.एस. पब्लिक स्कूल, हांसी।

तृतीय स्थान: समर, आई.पी.एस. पब्लिक स्कूल, सुल्तानपुर।

सांत्वना पुरस्कार: माही, एस.डी. कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी।


हिंदी सुलेख प्रतियोगिता – द्वितीय समूह

प्रथम स्थान: पूर्वशी, आनंद निकेतन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी।

द्वितीय स्थान: निशु, टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल।

तृतीय स्थान: मानवी, शहीद भगत सिंह हाई स्कूल, हांसी।

सांत्वना पुरस्कार: हिमांशी वर्मा, हैप्पी पब्लिक स्कूल।


अंग्रेजी सुलेख प्रतियोगिता – प्रथम समूह

प्रथम स्थान: हिमांशी, सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी।

द्वितीय स्थान: गीतांजलि, एस.डी. मॉडर्न पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी।

तृतीय स्थान: अस्तित्व मलिक, श्री कृष्णा परमानी पब्लिक स्कूल, हांसी।

सांत्वना पुरस्कार: दिव्या, शहीद भगत सिंह हाई स्कूल, हांसी।


अंग्रेजी सुलेख प्रतियोगिता – द्वितीय समूह

प्रथम स्थान: हीना, जी.एम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसाय।

द्वितीय स्थान: रिया, आर.पी.एस. सैनिक स्कूल।

तृतीय स्थान: हुन्नी वत्स, बी.बी.बी. पब्लिक स्कूल।

सांत्वना पुरस्कार: वासु, आनंद निकेतन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी।