हरियाणा/हिसार: हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित स्कूल फेडरेशन गेम्स 2026-27 (ब्लॉक स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता) में ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, उकलाना मंडी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीतकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
अंडर-19 वर्ग में युग ने 100 मीटर स्प्रिंट में प्रथम स्थान, आशीष ने 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान, कुशल ने 400 मीटर हर्डल्स में प्रथम स्थान तथा खुश ने 400 मीटर हर्डल्स में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में आलोक ने हाई जंप में प्रथम स्थान, आदित्य ने डिस्कस थ्रो में द्वितीय स्थान तथा मुदित ने डिस्कस थ्रो में तृतीय स्थान हासिल किया। 
विद्यालय के प्रधानाचार्य भुवनेश भारद्वाज ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के खिलाड़ी आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। 
स्कूल निदेशक डॉ. सतीश भारती ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल सदैव शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है ताकि विद्यार्थी शारीरिक, मानसिक और नैतिक रूप से सशक्त बन सकें। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए आगामी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएँ दीं।