दिड़बा, 10 अक्तूबर:- पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के ओएसडी तपिंदर सिंह सोही ने आज विधानसभा क्षेत्र दिड़बा के गांव शादिहरी में दिड़बा क्रिकेट लीग का उद्घाटन किया। यह लीग स्पोर्ट्स वेलफेयर के चेयरमैन सतपाल माही खडियाल और नगर सुधार ट्रस्ट संगरूर के चेयरमैन प्रीतम सिंह पीतू के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। इसमें लगभग 58 क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। उल्लेखनीय है कि गांव शादिहरी का स्टेडियम संगरूर जिले के बेहतरीन स्टेडियमों में से एक है।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए तपिंदर सिंह सोही ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार युवाओं में खेलों के प्रति रुचि पैदा करने और उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल स्टेडियमों के निर्माण से युवाओं को अपने घरों के नजदीक अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिल रहे हैं।
सोही ने कहा कि खेल युवाओं की शारीरिक तंदुरुस्ती बढ़ाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और मेहनत के बल पर आगे बढ़ने का जज्बा भी पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल मैदानों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसी प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन जरूरी है।
गांव शादिहरी के खेल स्टेडियम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरपंच जगसीर सिंह जग्गा के प्रयासों से गांव में शानदार स्टेडियम बनकर तैयार हुआ है, जहां से दिड़बा क्रिकेट लीग की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि यह लीग कई दिनों तक विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चलेगी और खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान करेगी।
तपिंदर सिंह सोही ने आगे कहा कि आने वाले समय में कबड्डी, खो-खो और अन्य खेलों की लीग भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि लड़कियों की खेलों में भागीदारी बढ़ाने के लिए जल्द ही उनके लिए भी लीग आयोजित की जाएगी, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रीतम सिंह पीतू, सतपाल माही खडियाल, चेयरपर्सन जसवीर कौर शेरगिल और चेयरमैन हरविंदर सिंह छाजली ने कहा कि वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र दिड़बा में 38 नए खेल स्टेडियमों के निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि ये स्टेडियम राष्ट्रीय स्तर की खेल आवश्यकताओं और तकनीकी मानकों को ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें विभिन्न खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि खेल ढांचे के विकास के साथ-साथ ऐसी लीगों का आयोजन गांवों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने युवाओं से इन सुविधाओं का लाभ उठाने और खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
गांव शादिहरी के सरपंच जगसीर सिंह जग्गा ने मेहमानों और आयोजकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि गांववासियों के लिए यह गर्व की बात है कि पूरे विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित होने वाली दिड़बा क्रिकेट लीग की शुरुआत उनके गांव से हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ गांवों में आपसी मेल-जोल और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
