हांसी, 5 अक्तूबर (दिनकर गावड़ी):- बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन ने ऑनलाइन तबादला नीति के तहत कैप किए गए पदों को जल्द खोलने तथा रिक्त पदों को नियमित भर्ती के माध्यम से भरने की मांग की है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 7 अक्टूबर से महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया जाएगा।
जिला संयोजक अनिल यादव की अध्यक्षता में एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल हांसी के विधायक विनोद भयाना से मिला और ऑनलाइन तबादला नीति में पदों को कैप किए जाने की समस्या से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
अनिल यादव ने बताया कि जारी रिक्त पदों की सूची में हांसी जिले के सैकड़ों पदों को कैप कर दिया गया है। इसके चलते जिले में कार्यरत कर्मचारियों के सामने अन्य जिलों में जाने की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा असर पड़ सकता है।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रदीप कुमार ने कहा कि एसोसिएशन सरकार से मांग करती है कि कर्मचारियों को इधर-उधर करने की बजाय स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जाए। रिक्त पदों को नियमित भर्ती के माध्यम से भरा जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिल सकें।
उन्होंने बताया कि राज्य कार्यकारिणी की ओर से 29 सितंबर को महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन कर ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
एसोसिएशन ने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो मजबूरीवश 7 अक्टूबर से महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर एमपीएचडब्ल्यू अनिल यादव, कृष्ण यादव, अमरजीत तथा स्वास्थ्य निरीक्षक अजीत यादव मौजूद रहे।
