हांसी: वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज राठी ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकारों को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि दोनों सरकारें किसानों के लिए भस्मासुर साबित हो रही हैं। भाजपा सरकारों की नीतियों और कार्यप्रणाली के चलते किसानों को खेती के हर चरण में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के वादे तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि किसान अपनी फसल तैयार करने से लेकर उसे बेचने तक संघर्ष करने को मजबूर है।
मनोज राठी ने कहा कि जब किसानों को सिंचाई के लिए पानी की जरूरत होती है तो उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिलता। यूरिया और डीएपी खाद की मांग बढ़ने पर बाजार में इनकी किल्लत हो जाती है। ऐसे में किसान समय पर फसलों में खाद का इस्तेमाल नहीं कर पाते, जिससे उनकी पैदावार प्रभावित होती है। प्राकृतिक आपदा की स्थिति में भी सरकार राहत देने के बजाय नई-नई शर्तें लगाकर किसानों को परेशान करती है। अनेक किसान मुआवजे के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटते रहते हैं, लेकिन उन्हें उचित राहत नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि तमाम मुश्किलों के बावजूद यदि किसान मेहनत करके अपनी फसल तैयार कर लेता है तो मंडियों में उसे उचित मूल्य के लिए जूझना पड़ता है। भाजपा सरकारें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद के बड़े-बड़े दावे करती हैं, लेकिन हकीकत में किसानों को कई बार एमएसपी से कम कीमत पर अपनी फसल बेचनी पड़ती है। इतना ही नहीं, फसल बेचने के बाद भुगतान भी समय पर नहीं मिलता, जिससे किसान आर्थिक संकट में घिर जाता है।
मनोज राठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ हो रहे इस अन्याय को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सरकार से किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल, खाद की निर्बाध उपलब्धता, प्राकृतिक आपदा पर उचित मुआवजा, एमएसपी पर फसलों की खरीद और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
