होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- भारतीय जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त आशिका जैन के दिशा-निर्देशों के अनुसार आईएएस अधिकारी गुरकंवल सिंह ने फील्ड ट्रेनरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान स्व-गणना को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई। गुरकंवल सिंह ने कहा कि होशियारपुर अपनी उच्च साक्षरता दर और जागरूक नागरिकों के लिए जाना जाता है। इसलिए जरूरी है कि अधिक से अधिक नागरिक डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करके इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे उनकी व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने में मदद मिलेगी और जनगणना कर्मचारियों का कार्यभार भी कम होगा।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए आईएएस अधिकारी गुरकंवल सिंह और एसडीएम होशियारपुर परमप्रीत सिंह के नेतृत्व में लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दो-तीन दिनों में सभी पर्यवेक्षकों और जनगणना कर्मचारियों के साथ विशेष बैठकें करके ग्रामीण और स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान को और तेज किया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उपायुक्त द्वारा निर्धारित कम से कम 25 प्रतिशत स्व-गणना के लक्ष्य को प्राप्त करना है। इसके लिए सभी फील्ड टीमों को आपसी तालमेल से काम करने और अधिक से अधिक नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार हिरदेवीर सिंह चीमा, एसडीएम कार्यालय होशियारपुर के जनगणना नोडल अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, उनकी पूरी कोर टीम और सभी फील्ड ट्रेनर उपस्थित थे।
