होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- नगर निगम होशियारपुर ने निगम की सीमा के भीतर रहने वाले सभी नागरिकों को सूचित किया है कि आम जनता के लिए ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से नागरिक आधिकारिक वेब पोर्टल या मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करके घर बैठे ही अपने परिवार और व्यक्तिगत विवरण आसानी से दर्ज और सत्यापित कर सकते हैं।
जानकारी देते हुए नगर निगम आयुक्त प्रीतिंदर सिंह बैंस ने बताया कि इस जनहितकारी डिजिटल पहल का मुख्य उद्देश्य शहर की बेहतर योजना बनाने और नागरिक सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध करवाने के लिए सही और पूर्ण आंकड़े एकत्र करना है।
निवासियों को सलाह दी गई है कि ऑनलाइन फॉर्म भरने से पहले वे अपने घर के बुनियादी विवरण, पहचान पत्र और परिवार के सदस्यों की जानकारी तैयार रखें। जानकारी सफलतापूर्वक दर्ज करने के बाद प्राप्त स्व-गणना संदर्भ आईडी या रसीद को संभालकर रखें, ताकि अगले चरण में घर-घर सत्यापन के लिए आने वाले गणनाकर्मी को दिखाया जा सके।
जिन नागरिकों को तकनीकी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है या जिनके पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है, उनकी सहायता के लिए नगर निगम कार्यालय के कमरा नंबर 27-ए में विशेष हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है। यहां कार्यदिवसों के दौरान निःशुल्क मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनगणना करेंगे और आवश्यक विवरण एकत्र करेंगे।
आयुक्त ने सभी निवासियों से जोरदार अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और निर्धारित समय के भीतर अपनी स्व-गणना सही ढंग से पूरी करें।
