चंडीगढ़, 24 नवंबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गुरुग्राम में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए शहर की सफाई व्यवस्था, सीएंडडी वेस्ट (निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाला कचरा) के प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, सड़कों, पेयजल और सीवरेज के मिसिंग लिंक प्रोजेक्टों सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम की व्यवस्थाओं में जमीनी स्तर पर स्पष्ट बदलाव दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। अधिकारी पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जमीनी स्तर पर लागू करें। उन्हें केवल कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ही नहीं, बल्कि उनके वास्तविक परिणाम भी दिखाई देने चाहिए।

बैठक में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर और गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव अशोक कुमार मीणा भी उपस्थित रहे।


सफाई और सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन के लिए माइक्रो मैनेजमेंट स्तर पर करें काम


मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और सीएंडडी वेस्ट के उचित निपटारे के लिए अधिकारी माइक्रो मैनेजमेंट स्तर पर काम करें। निर्माण और तोड़फोड़ के कार्यों से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पूरी प्रक्रिया में संबंधित कंपनियों की जवाबदेही तय की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कचरे का निपटारा निर्धारित मानकों के अनुसार हो।


सीएंडडी वेस्ट के अस्थायी भंडारण के लिए जिले में 10 स्थानों पर एक-एक हेक्टेयर जमीन की जाएगी चिह्नित


बैठक में जीएमडीए के सीईओ डी.के. बेहरा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सीएंडडी वेस्ट के उचित प्रबंधन को लेकर नागरिकों के साथ बैठक की गई थी। बैठक में नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जिले में 10 अलग-अलग स्थानों पर एक-एक हेक्टेयर जमीन चिह्नित करने की योजना बनाई गई है। इन स्थानों पर निर्माण और तोड़फोड़ के कार्यों से निकलने वाले कचरे को अस्थायी रूप से एकत्र किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित जमीन को चारों ओर से कवर (चारदीवारी या बाड़बंदी) किया जाएगा, ताकि कचरा अनियंत्रित रूप से न फैले और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी तथा प्रदूषण की समस्या पैदा न हो। इस व्यवस्था से सीएंडडी वेस्ट के संग्रह और आगे उसके वैज्ञानिक निपटारे की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने सीएंडडी वेस्ट के दीर्घकालीन और उचित निपटारे के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निकट जिले में लगभग 500 एकड़ जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में गुरुग्राम, मानेसर और फरीदाबाद के सीएंडडी वेस्ट का यहां निपटारा किया जा सके।


दिल्ली से अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना


बैठक में दिल्ली से गुरुग्राम में अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वाले वाहनों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस संबंध में सीपी शिवास कविराज ने जानकारी दी कि अब तक ऐसे 12 वाहन जब्त किए जा चुके हैं और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस तरह अवैध रूप से कचरा डालने वालों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जाए। संबंधित मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए और दोषियों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की सफाई के साथ किसी भी कीमत पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाहर से कचरा लाकर शहर की सफाई व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


शहर में कहीं भी धूल न उड़ने दी जाए, ग्रीन बेल्ट और फुटपाथों का किया जाए बेहतर रखरखाव


मुख्यमंत्री ने शहर की सफाई और सौंदर्यीकरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम में कहीं भी धूल उड़ती हुई दिखाई नहीं देनी चाहिए। सड़कों के किनारे स्थित ग्रीन बेल्ट में घास लगाई जाए और उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। फुटपाथों पर टाइलों की जगह व्यवस्थित और टिकाऊ स्लैब लगाने के साथ-साथ प्रमुख सड़कों के किनारों पर बेहतर फुटपाथ विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों का स्वरूप व्यवस्थित और आकर्षक होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी तालमेल से काम करें।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों से शहर की मौजूदा सफाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि सफाई कार्यों के लिए जिन कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उनकी उपस्थिति और काम की नियमित निगरानी की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित संख्या में सफाई कर्मचारी जमीनी स्तर पर मौजूद रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। शहर की प्रत्येक प्रमुख सड़क के लिए एक अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए, ताकि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही होने पर जवाबदेही तय की जा सके। उन्होंने कहा कि सफाई केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह शहर की नियमित व्यवस्था का हिस्सा बननी चाहिए।


पेयजल, सड़कों और सीवरेज के मिसिंग लिंक प्रोजेक्टों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें अधिकारी


मुख्यमंत्री ने जीएमडीए के सड़कों, पेयजल आपूर्ति और सीवरेज नेटवर्क से संबंधित मिसिंग लिंक प्रोजेक्टों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए। पेयजल आपूर्ति के मुख्य नेटवर्क में छूटे हुए लिंक जोड़कर शहर में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसी तरह सड़क नेटवर्क में जहां भी संपर्क की कमी है, वहां मिसिंग लिंक विकसित करके यातायात को सुगम बनाया जाए। उन्होंने सीवरेज नेटवर्क के अधूरे लिंक भी जल्द जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि सीवरेज और जल निकासी की व्यवस्था सुचारू बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परियोजनाओं में जमीन की उपलब्धता बाधा बन रही है, वहां अधिकारी लैंड एक्सचेंज सहित अन्य व्यावहारिक विकल्पों पर काम करते हुए समाधान निकालें। शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी सुविधाओं का मजबूत और व्यवस्थित ढांचा तैयार किया जाए।


प्रमुख चौकों और चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी स्वयं लें संयुक्त आयुक्त


बैठक में पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने सुझाव दिया कि नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौकों और चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी स्वयं लें। चौकों और चौराहों पर साफ-सफाई, हरियाली, उचित लाइटिंग और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ नागरिकों को भी बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी।


बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई जारी रखें


बैठक में शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या पर भी चर्चा हुई। गुरुग्राम नगर निगम के आयुक्त डॉ. पंकज ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अब तक लगभग 250 से अधिक बेसहारा गोवंश को पकड़कर गौशालाओं में भेजा जा चुका है। इस दौरान कुछ स्थानों पर पशुओं को पकड़ने वाली टीमों के साथ मारपीट की घटनाओं का मामला भी सामने आया। मुख्यमंत्री ने ऐसी घटनाओं का कड़ा संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि सरकारी काम में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि पशुओं की सुरक्षा और शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।

बैठक में फरीदाबाद नगर निगम के आयुक्त यशेंद्र सिंह, डीसी उत्तम सिंह, जीएमडीए के अतिरिक्त सीईओ मोहम्मद इमरान रजा, गुरुग्राम नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त यश जलुका और रविंद्र यादव सहित जीएमडीए और नगर निगम गुरुग्राम के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।