बलाचौर, 24 नवंबर (जतिंदर पाल सिंह कलेर):- पंजाब की राजनीति में लंबे समय बाद एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिली है। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पवित्र अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा एक साथ आने को लोग केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य की नई शुरुआत मान रहे हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय भाटिया ने कहा कि आज पंजाब एक दोराहे पर खड़ा है। एक ओर नशा, गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था जैसी चुनौतियां हैं, तो दूसरी ओर लोगों की उम्मीदें हैं। ऐसे समय में दो पुरानी और अनुभवी पार्टियों का एक साथ आना पंजाब के लिए एक मजबूत विकल्प बन सकता है।

उन्होंने कहा कि अब लोगों को केवल वादे नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए। युवाओं को रोजगार चाहिए, किसानों को उनका हक चाहिए, व्यापारियों को सुरक्षित माहौल चाहिए और कर्मचारियों को उनकी जायज मांगों का सम्मान चाहिए। यही मुद्दे इस गठबंधन की असली परीक्षा होंगे।

विजय भाटिया ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश किरत करो, नाम जपो, वंड छको आज भी पंजाब की सबसे बड़ी ताकत है। यदि इसी सोच के साथ राजनीति की जाए तो पंजाब को नशा मुक्त, गैंगस्टर मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना कोई मुश्किल काम नहीं है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह गठबंधन पंजाब को फिर से देश के अग्रणी राज्यों की कतार में लाने में अहम भूमिका निभाएगा और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा।