हांसी, 03 अक्तूबर (दिनकर गावड़ी):- डीएमसी एवं एडीसी लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में नगर परिषद हांसी द्वारा शनिवार को शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत वार्ड नंबर 9 और 17 के साथ-साथ हिसार-दिल्ली रोड, काली देवी रोड, जींद रोड तथा क्रांतिकारी चौक से तोशाम चौक तक विशेष रूप से सफाई कार्य करवाया गया।

नगर परिषद की सफाई टीमों ने निर्धारित क्षेत्रों में सड़कों, गलियों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों की सफाई की। सफाई कर्मचारियों द्वारा सड़कों के किनारों पर जमा कूड़े-कचरे, मिट्टी तथा अन्य अवशेषों को हटाकर संबंधित स्थानों को साफ किया गया। प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान देते हुए जहां आवश्यक था, वहां कचरे का उठान भी सुनिश्चित किया गया, ताकि आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।

डीएमसी एवं एडीसी लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख मार्गों में चरणबद्ध तरीके से विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाना है।

नगर परिषद प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ-साथ ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष सफाई करवाई जा रही है, जहां अधिक मात्रा में कूड़ा जमा होने या सफाई की आवश्यकता रहती है। अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों को कार्यस्थल पर आवश्यक सावधानियां बरतने तथा निर्धारित मानकों के अनुसार सफाई कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

नगर परिषद ने शहरवासियों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। नागरिक अपने घरों एवं दुकानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और गलियों में कूड़ा न फैलाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।