वॉशिंगटन डी.सी.:- अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने भारत के साथ व्यापार संबंधों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लंबे समय तक भारत ने अमेरिकी उत्पादों पर ऊंचे टैरिफ लगाए और उसका लाभ उठाया। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और अमेरिका को भारत के साथ व्यापार में बेहतर सौदा मिल रहा है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच जल्द ही एक बड़ा व्यापार समझौता हो सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi की प्रशंसा करते हुए कहा, “मुझे मोदी बहुत पसंद हैं। मोदी मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। हमारे संबंध बेहद अच्छे हैं और हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं।”
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में भारत सरकार के अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत की है। दोनों देश व्यापार से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों का शीघ्र समाधान निकालने और एक अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति बनाने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं।
भारत के वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ताएं सकारात्मक रही हैं। मंत्रालय का कहना है कि भारत और अमेरिका ऐसे व्यापार समझौते की दिशा में काम कर रहे हैं जिससे दोनों देशों को समान रूप से लाभ मिल सके।
इससे स्पष्ट है कि दोनों देश व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाने तथा प्रस्तावित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए लगातार मिलकर काम कर रहे हैं।
मोदी मेरे अच्छे दोस्त हैं भारत के साथ जल्द हो सकता है बड़ा व्यापार समझौता ट्रंप
