रतिया, 16 अगस्त:- उपमंडल रतिया में उपमंडल स्तर पर 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह रतिया की अनाज मंडी शैड में पूरे उत्साह व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में रतिया विधायक सरदार जरनैल सिंह ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत कर राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय धुन के साथ ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और क्षेत्र वासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए अपना संदेश दिया।
समारोह की अध्यक्षता एस डी एम सुरिंदर सिंह ने की ।
इससे पहले उन्होंने शहीद उधम सिंह, शहीद भगत सिंह और शहीद दविन्द्र सिंह स्मारकों पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर नमन किया। समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि जरनैल सिंह ने क्षेत्रवासियों को 80 वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। मैं प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की भी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि इस पावन अवसर पर मैं भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। इन सेनानियों के त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और तेजस्वी नेतृत्व ने अंततः 1947 में देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति दिलाई। आज मैं देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हमारे वीर सैनिकों को विशेष रूप से नमन करता हूं। विपरीत परिस्थितियों में भी वे तिरंगे की आन, बान और शान को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। विधायक ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 17 जुलाई 2026 को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से जींद और सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता और स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सम्बोधित करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता के लिए मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के अंतर्गत 71 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। गरीब परिवारों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना भी शुरू की गई है।
हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP पर करने की व्यवस्था की गई है। इनमें गेहूं, सरसों, सूरजमुखी, मसूर, धान, ज्वार, बाजरा, गन्ना, कपास और चना सहित अन्य फसलें शामिल हैं।
विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी हमारे लिए गौरव का विषय है। ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है।
खेलों के क्षेत्र में भी हरियाणा ने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।
हाल ही में संपन्न ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीते। इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरियाणा के खिलाड़ियों ने 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल हैं। प्रदेश की बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का गौरव और बढ़ाया है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधायक ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाली टीमों, स्वतंत्रता सेनानी, शहीदों के परिजनों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, सरपंचों, बीएलओ व अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया।
इस उपमंडल स्तर के समारोह में एसडीएम सुरेन्द्र सिंह की गरिमामई उपस्थिति रही।
इस मौके पर डी. एस. पी. कुलवंत सिंह, नायब तहसीलदार बलवान सिंह, थाना प्रभारी अशोक कुमार, एसएचओ शिशपाल सिंह, उप सिविल सर्जन डा. भरत सिंह, नपा सचिव शुभम कुमार, बीडीपीओ अनिल कुमार, नपा प्रधान प्रीति खन्ना, वाइस चेयरमेन कुलवंत सैनी, प्रवीन जग्गा, सुनील इंदौरा, सुखविंद्र सिंह गोयल, उप चेयरमैन जोगिंद्र नन्दा, मंच संचालन की अहम भूमिका साहित्यकार डा.नैब सिंह मंडेर, दर्शन सिंह गिल, सुखपाल सिंह, बलविन्द्र सिंह खोखर, दर्शन कुमार प्रधान, सतपाल जिंदल, बीईओ शशि प्रकाश, बीएल बतरा, राजू लाली, ग़गनदीप सैनी सहित अन्य अधिकारी, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं, पार्षद व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधायक जरनैल सिंह ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत कर राष्ट्रीय धुन के साथ किया ध्वजारोहण और परेड की ली सलामी
