रतिया, 7 सितंबर:- श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रथम प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब, पुराना बाजार रतिया में 12 सितंबर को आयोजित होने वाले धार्मिक समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य काका सिंह लधुवास ने बताया कि 12 सितंबर को गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा तथा विशेष दीवान सजाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि समारोह को श्रद्धापूर्वक एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सेवादारों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
समाजसेवी हैप्पी सिंह सेठी ने बताया कि धार्मिक समारोह के साथ रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा, जिसमें चिकित्सकों द्वारा लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी तथा विभिन्न बीमारियों से संबंधित आवश्यक लैब टेस्ट भी किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इन जनकल्याणकारी शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस अवसर पर दलजीत सिंह, प्रगट सिंह, मनजीत सिंह, हरदीप सिंह, जज सिंह, मनविंद्र सिंह, लवदीप सिंह मान, रणधीप सिंह राणा, राज सिंह, हरप्रीत सिंह सहित अन्य सेवादार उपस्थित रहे।
