बलाचौर, 24 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह कलेर):- थाना काठगढ़ पुलिस ने हाईटेक नाके पर चेकिंग के दौरान अवैध शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस ने कार की डिग्गी से 12 बोतलें शराब बरामद कर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 23-11-2026 को पुलिस पार्टी नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान सफेद रंग की कार नंबर पीबी20डी5921, मार्का नेक्सन, आती दिखाई दी। चालक ने आगे करीब 100 मीटर की दूरी पर लगे हाईटेक नाके को देखकर कार रोक ली। कार रुकते ही पुलिस को शक हो गया।
पुलिस ने शक के आधार पर कार की तलाशी ली तो डिग्गी में से रॉयल स्टैग व्हिस्की की 12 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल 750 एम.एल. की थी और उन पर “फोर सेल इन पंजाब ओनली” लिखा हुआ था।
पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम रजिंदर बहादुर पुत्र लेख बहादुर, निवासी रेलमाजरा, थाना काठगढ़, जिला शहीद भगत सिंह नगर बताया।
पुलिस ने कथित आरोपी के खिलाफ मुकदमा नंबर 197, तिथि 23-11-2026, धारा 61 एक्साइज एक्ट के तहत थाना काठगढ़ में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
