ऊना, 17 अक्तूबर:- हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति के 22 अक्तूबर को प्रस्तावित ऊना दौरे की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने शनिवार को डीआरडीए बैठक कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को समिति की समीक्षा के लिए आवश्यक डेटा और रिपोर्ट 19 अक्तूबर को शाम 4:30 बजे तक हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

बैठक में एडीसी ने अधिकारियों को ऑडिट पैराग्राफ से संबंधित रिपोर्ट निर्धारित फॉन्ट और आकार में तैयार करने तथा सभी आवश्यक विवरण पूरी तरह शामिल करने को कहा।

बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथी पाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं, उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति 22 अक्तूबर को जिला ऊना के प्रवास पर रहेगी। इस दौरान सुबह 10 बजे जिला परिषद हॉल में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले संस्थानों के ऑडिट पैराग्राफ, पिछले तीन वर्षों की कार्यप्रणाली तथा पंचायती राज एवं शहरी विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले निकायों के सीएजी ऑडिट पैराग्राफ की समीक्षा की जाएगी।