खन्ना (जगमीत घुम्मन):- लिवासा अस्पताल खन्ना के कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. पुलकित धीमान ने पहली ‘कोलांगियोस्कोपी-गाइडेड लेजर लिथोट्रिप्सी’ प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 74 वर्षीय महिला मरीज की पित्त की नली से 1.5 सेंटीमीटर की जटिल पथरी निकाल दी।

मरीज को पेट में तेज दर्द और उल्टी की समस्या के कारण लिवासा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एमआरसीपी स्कैन में अग्न्याशय के पास स्थित पित्त की नली में बड़ी पथरी का पता चला। बड़ी सर्जरी से बचाने के लिए डॉ. धीमान ने उन्नत एंडोस्कोपिक लेजर तकनीक का इस्तेमाल करते हुए पथरी को सुरक्षित रूप से छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़कर निकाल दिया।

इलाज के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो गईं और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल के फैसिलिटी डायरेक्टर संजय पुरी ने इसे क्षेत्र में उच्च स्तरीय विशेष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।