हरोली/ऊना, 19 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित चंडीगढ़ में सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब के प्रमुख बाबा केवल सिंह जी ने भाग लिया और अपने विचार प्रस्तुत किए।
उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास महाराज जी का 650वां प्रकाश पर्व विश्व स्तर पर बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में सरकार द्वारा कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं।
बाबा केवल सिंह जी ने कहा कि तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब वह पवित्र स्थल है, जहां श्री गुरु रविदास महाराज जी के समय की अमूल्य निशानियां आज भी मौजूद हैं, जो अन्य किसी स्थान पर नहीं मिलतीं। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमें इस ऐतिहासिक विरासत को संजोने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
इस मौके पर मुख्य सलाहकार दीपक बाली जी ने बताया कि तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में इस प्रकाश पर्व को बहुत बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। विभिन्न राज्यों से नगर कीर्तन आएंगे, कीर्तन दीवान सजाए जाएंगे और संगतों को गुरबाणी और इतिहास से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में विशेष रूप से बाबा केवल सिंह जी, संत निर्मल दास जी, संत गुरदीप गिरी जी, संत मनदीप दास जी, संत इंदर दास जी तथा मैडम परमिंदर कौर जी (होशियारपुर) उपस्थित रहे।
