हांसी (दिनकर गावड़ी):- एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि जीवन को खुशनुमा और आनंदमय बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने अंदर के बचपन को कभी मरने नहीं देना चाहिए। बचपन जीवन का सबसे खूबसूरत दौर होता है, जिसमें कल्पनाओं, रचनात्मकता और उत्साह की कोई सीमा नहीं होती। बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी कला एवं भावनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित बाल महोत्सव एक सराहनीय पहल है। वे बुधवार को जिला बाल कल्याण परिषद परिसर में आयोजित पांच दिवसीय बाल महोत्सव के दूसरे दिन कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करने के बाद उपस्थित बच्चों और आयोजकों को संबोधित कर रहे थे।

बच्चों द्वारा तैयार किए जा रहे पोस्टरों का अवलोकन करते हुए एसडीएम राजेश खोथ ने निर्देश दिए कि इन पोस्टरों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि बाल कल्याण परिषद की धरोहर के रूप में सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने कहा कि आज जिन बच्चों ने अपनी कल्पनाओं और भावनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा है, वे जब बड़े होकर वर्षों बाद इन पोस्टरों को देखेंगे तो उन्हें अपने बचपन की सुनहरी यादें ताजा करने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि उनकी कलाकृतियां भविष्य में उनके बचपन की अनमोल स्मृतियों के रूप में भी संरक्षित रहेंगी।

बाल महोत्सव के दूसरे दिन बच्चों ने पोस्टर मेकिंग और मेहंदी रचाओ सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। बच्चों ने धरती बचाओ, बेटी बचाओ, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, ग्रीन दिवाली और चंद्रयान-3 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचारों और भावनाओं को रंगों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी कलाकृतियों में सामाजिक जागरूकता, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों के प्रति गर्व की झलक देखने को मिली। वहीं, मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने हाथों पर सुंदर एवं आकर्षक मेहंदी के डिजाइन बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम राजेश खोथ ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नकद राशि देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत इस बात की है कि उसे अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच और प्रोत्साहन मिले। ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनमें रचनात्मक सोच, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर समाजसेवी एवं जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश ने एसडीएम राजेश खोथ को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में पौधा भेंट किया गया। पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।

पांच दिवसीय बाल महोत्सव के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नई रचनात्मक गतिविधियां सीखने तथा आपसी सहयोग और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर मिल रहा है। कार्यक्रम में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को जीवंत बना दिया।


विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम

जिला स्तरीय बाल महोत्सव के अंतर्गत मेहंदी, फैंसी ड्रेस और समूह नृत्य प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। मेहंदी प्रतियोगिता के चौथे समूह में आर.पी.एस. पब्लिक स्कूल, हांसी की अंजलि ने प्रथम, हांसी पब्लिक स्कूल की मन्नत ने द्वितीय तथा टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नारनौंद की नितिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी समूह में काली देवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी की चेष्टा जांगड़ा और एस.डी. मॉडर्न पब्लिक स्कूल, हांसी की जिया को सांत्वना पुरस्कार मिला।

मेहंदी प्रतियोगिता के तीसरे समूह में आई.पी.एस. पब्लिक स्कूल, सुल्तानपुर की यशिका ने प्रथम, आर.पी.एस. पब्लिक स्कूल, हांसी की महक ने द्वितीय तथा टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नारनौंद की रुकसाना ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस समूह में शहीद भगत सिंह हाई स्कूल, हांसी की लक्की और सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी की सोनम को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के प्रथम समूह में सेंट ज्ञानेश्वर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी की यशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गुरु तेग बहादुर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी के दर्पण ने द्वितीय तथा हैप्पी पब्लिक स्कूल, हांसी की नायरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, सैनिक पब्लिक स्कूल, हांसी के अश्मीर को सांत्वना पुरस्कार मिला।

समूह नृत्य प्रतियोगिता के दूसरे समूह में यदुवंशी शिक्षा निकेतन, हांसी की टीम ने प्रथम, राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी की टीम ने द्वितीय तथा आर.पी.एस. पब्लिक स्कूल, हांसी की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। श्री कृष्ण प्रणामी पब्लिक स्कूल, हांसी की टीम को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। बाल महोत्सव में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह, समाजसेवी सतपाल खांडेवाला, विनय जैन, जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र अत्री, महावीर प्रसाद और अभय राम अल्हान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।