करनाल, 13 अक्टूबर: सिख पंथ के चौथे गुरु धन धन श्री गुरु रामदास जी महाराज का प्रकाश पर्व आज श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यक्रम डेरा कार सेवा गुरुद्वारा में आयोजित किया गया, जिसका आयोजन श्री गुरु नानक सेवा जत्था, गुरुद्वारा मंजी साहिब, करनाल ने डेरा कार सेवा के प्रमुख बाबा सुक्खा सिंह के सहयोग से किया।
सुबह से ही गुरुद्वारा परिसर में संगतों का आगमन शुरू हो गया था। इस मौके पर दीवान सजाया गया, जिसमें रागी और ढाडी जत्थों ने गुरु महिमा का गुणगान कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में मत्था टेका और अटूट लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि गुरु रामदास जी महाराज ने मानवता, सेवा और एकता का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने अमृतसर की स्थापना कर समाज को एकजुटता और भाईचारे का पाठ पढ़ाया।
कार्यक्रम में कथा वाचक ज्ञानी विशाल सिंह (श्री दरबार साहिब, अमृतसर), हजूरी रागी भाई सुखजीत सिंह, भाई अर्जुन सिंह, भाई बलप्रीत सिंह (लुधियाना), भाई गुरप्रीत सिंह (तरावड़ी), भाई प्रदीप सिंह (मॉडल टाउन गुरुद्वारा), भाई बलविंदर सिंह, भाई इंद्रजीत सिंह और भाई अमृतपाल सिंह (करनाल) ने कीर्तन दरबार में गुरु की महिमा का गायन किया। 
इस अवसर पर मैक्स अस्पताल की ओर से निशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप भी लगाया गया, जिसमें हृदय, स्त्री एवं हड्डी रोग विशेषज्ञों ने मरीजों का परीक्षण किया। बीएमडी और अन्य जांचें की गईं तथा सेवा देने वाले डॉक्टरों को सम्मानित किया गया। 
कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव इंद्रपाल सिंह, हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव हरप्रीत सिंह हैप्पी, भाजपा नेता मनमीत सिंह बाबा, जत्थेदार काला सिंह, गुरुनाम सिंह, मंगप्रीत सिंह समेत अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। गुरु नानक सेवा जत्थे के प्रधान रतन सिंह, राजेंद्र मिड्ढा, प्रीतपाल सिंह रहेजा, सतिंदर सिंह, अमन मिड्ढा और अमृतपाल सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत सिरोपा भेंट कर किया।