करनाल, 19 नवंबर (प्रवीण वालिया):- शहरवासियों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध करवाने, अंधेरे वाले स्थानों (डार्क स्पॉट) को खत्म करने तथा स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने विद्युत शाखा के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सभी स्ट्रीट लाइटें पूरी क्षमता के साथ कार्य करनी चाहिए। किसी भी वार्ड, सड़क या सार्वजनिक स्थान पर अंधेरा नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में सुचारू प्रकाश व्यवस्था बनाए रखना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की नियमित जांच और निगरानी की जाए। पार्षदों और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से एचपीएल एजेंसी को निर्देश देने को कहा कि शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की देरी न हो और कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए। एजेंसी के कार्यों की नियमित निगरानी भी की जाए।
पांच नई अधिकृत कॉलोनियों में जल्द लगेंगी 235 स्ट्रीट लाइटें
बैठक में सहायक अभियंता (विद्युत) ने जानकारी दी कि शहर की पांच नई अधिकृत कॉलोनियों में 235 स्ट्रीट लाइटें लगाई जानी हैं। इस पर निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि संबंधित एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाई जाए तथा नवंबर माह में ही सभी लाइटें लगाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि इन कॉलोनियों के निवासियों को जल्द से जल्द पर्याप्त रोशनी की सुविधा मिल सके।
40 हाई मास्ट लाइटें स्थापित, छह की नींव तैयार
सभी वार्डों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हाई मास्ट लाइटें लगाने का कार्य भी किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 40 नई हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि छह हाई मास्ट लाइटों की नींव तैयार कर दी गई है। निगमायुक्त ने शेष कार्य भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिन वार्डों में स्ट्रीट लाइट के पुराने पोल खराब या जर्जर हो चुके थे, उन्हें हटाकर नए पोल और स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। इस कार्य के तहत 471 नई स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं।
2,000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की तैयारी, पार्षदों से मांगी जाएंगी लोकेशन
शहर के विभिन्न वार्डों में जरूरत के अनुसार लगभग 2,000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस कार्य का टेंडर आगामी 30 नवंबर को खुलेगा। इन लाइटों के लिए सभी पार्षदों से उपयुक्त स्थानों की लोकेशन प्राप्त की जाएगी। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित स्थानों का मौके पर निरीक्षण कर उनकी व्यवहार्यता की जांच की जाए और अंधेरे वाले स्थानों की पहचान करते हुए प्राथमिकता के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी रोशनी की कमी है, वहां आवश्यकतानुसार नई लाइटें लगाई जाएं।
129 सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश
शहर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम द्वारा स्थापित सभी 129 सीसीटीवी कैमरे सही स्थिति में रहें और लगातार सुचारू रूप से कार्य करें। इसके अतिरिक्त, सीसीटीवी कैमरों के आसपास रात के समय पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए 34 नई सोलर लाइटें लगाई गई हैं, ताकि कैमरों के माध्यम से प्रभावी निगरानी की जा सके।
निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरों से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को सुरक्षित और रोशन शहर उपलब्ध करवाने के लिए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं तथा शिकायतों के समाधान में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
