चंडीगढ़ (हरमिंदर नागपाल):- पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास के नेतृत्व में 30 सितंबर को रामदरबार की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल डीसी चंडीगढ़ से मिला था। इस दौरान रामदरबार क्षेत्र की समस्याओं के साथ-साथ इंदिरा आवास कॉलोनी के गरीब परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।

कमलेश बनारसी दास ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत रामदरबार के निकट स्थित इंदिरा आवास कॉलोनी में आठ मकानों को तोड़ दिया गया था, जिसके कारण इन परिवारों के सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया। प्रतिनिधिमंडल ने डीसी चंडीगढ़ से मांग की थी कि केवल आठ परिवारों ही नहीं, बल्कि पूरी कॉलोनी का सर्वे करवाया जाए और पात्र परिवारों को कांग्रेस सरकार के समय से चली आ रही पुनर्वास योजनाओं में से किसी उपयुक्त योजना के तहत मकान उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि गरीब परिवार भी सम्मानपूर्वक अपने घर में रह सकें।

कमलेश बनारसी दास ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि डीसी चंडीगढ़ ने उनकी मांग पर संज्ञान लिया है। चंडीगढ़ प्रशासन के स्टेट ऑफिस की ओर से संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि कॉलोनी का एक सप्ताह के भीतर सर्वे करवाकर उसकी रिपोर्ट डीसी चंडीगढ़ को भेजी जाए। इस संबंध में जारी आदेश की प्रति भी उन्हें जानकारी के लिए भेजी गई है।

उन्होंने डीसी चंडीगढ़ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेना गरीब परिवारों के लिए उम्मीद की किरण है। उन्होंने कहा कि जो परिवार वर्षों से अपने पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे हैं, उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत न्याय मिलना चाहिए।

कमलेश बनारसी दास ने कहा, “गरीब परिवारों के लिए मकान केवल चार दीवारें नहीं, बल्कि उनके सम्मान, सुरक्षा और भविष्य का आधार होता है। हमारा प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार बेघर न रहे। प्रशासन को सर्वे निष्पक्षता से करवाकर पात्र परिवारों को पुनर्वास योजना के तहत मकान उपलब्ध करवाने की दिशा में जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने यह मुद्दा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को उनका अधिकार दिलाने के उद्देश्य से उठाया था। अब उम्मीद है कि सर्वे की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और प्रभावित परिवारों को पुनर्वास का लाभ मिलेगा।

कमलेश बनारसी दास ने स्पष्ट किया कि गरीब परिवारों के पुनर्वास और रामदरबार की अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।