करनाल, 10 अक्तूबर:- पंडित चिरंजी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय में 47वीं दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लड़कों में कमलदीप और लड़कियों में एनसीसी एयर विंग की कैडेट वसुंधरा ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीता।
कार्यक्रम के दूसरे दिन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल कोच नरेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में तथा तन्वी कालड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल गर्ग, शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी डॉ. विनोद चहल और डॉ. यशपाल ने मुख्य अतिथि को कैप पहनाकर उनका स्वागत किया।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। ये प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, आपसी भाईचारे और टीमवर्क की भावना विकसित करती हैं। खेलों से स्वस्थ समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है।
प्राचार्य डॉ. अनिल गर्ग ने कहा कि खेल हमारे जीवन में बहुत महत्वपूर्ण हैं और सभी विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। महाविद्यालय में हर साल खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मंच मिल सके। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देते हैं।
मुख्य अतिथि ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और अन्य खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय के इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. राकेश यादव ने बेस्ट एथलीट खिलाड़ियों को 5,100-5,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी। वहीं, विशिष्ट अतिथि तन्वी कालड़ा ने भी बेस्ट एथलीट खिलाड़ियों को 5,100-5,100 रुपये और उपविजेता खिलाड़ियों को 2,500-2,500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे: लड़कों की 100 मीटर दौड़ में कमलदीप प्रथम, अरुण द्वितीय और दीपचंद तृतीय रहे। लड़कियों की 100 मीटर दौड़ में वसुंधरा प्रथम, मुस्कान द्वितीय और प्रीति तृतीय रहीं। लड़कों की ऊंची कूद में अरुण प्रथम, हर्षित द्वितीय और जतिन तृतीय रहे। लड़कियों की ऊंची कूद में मुस्कान प्रथम और वसुंधरा तृतीय रहीं। कार्यक्रम में शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ के सदस्य तथा सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।
