करनाल, 26 सितंबर:- घरौंडा के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आज जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने की। श्री कल्याण ने चार घंटे से अधिक समय तक क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने आज साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में सुबह 11 बजे से दोपहर करीब 3 बजे तक क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। इनमें से कुछ सामूहिक और कुछ व्यक्तिगत थीं। बड़ी संख्या में लोग समस्याओं व मांगों को लेकर सुबह दस बजे ही रेस्ट हाउस में पहुंच गए थे। विधानसभा अध्यक्ष ने करीब एक घंटा धूप में खड़े-खड़े ही लोगों की समस्याओं को सुना। उसके बाद एक-एक कर रेस्ट हाउस पहुंचे सभी लोग विधानसभा अध्यक्ष से मिले। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अविलंब समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान दहा के लोगों ने आर्य समाज भवन में हॉल का निर्माण कराने, प्रेम नगर के लोगों ने गलियां व सामुदायिक केंद्र बनवाने, कुंडा कलां वासियों ने कश्यप चौपाल का निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की। इसी प्रकार हरिसिंहपुरा बैरागी चौपाल, अनोखा कालोनी में कच्ची गलियों को पक्का कराने, शेखपुरा जागीर में अंबेडकर भवन और खेत का रास्ता पक्का कराने, घोघड़ीपुर में पुस्तकालय का निर्माण कराने की मांग ग्रामीणों द्वारा की गई। इसके अलावा मुंडी गढ़ी से बलहेड़ा, गगसीना से फुरलक तक की सड़क का कार्य पूरा कराने और गांव कोहंड में सामुदायिक केंद्र का कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।

इस मौके पर एसडीएम अनुभव मेहता, तहसीलदार अरविंद्र यादव, पंचायत एवं विकास विभाग के कार्यकारी अभियंता नारायण दत्त, मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा, एक्सईएन विद्युत निगम राजीव ढिल्लों, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी, भाजपा के जिला महासचिव सुभाष कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।