हरोली/ऊना, 19 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब स्थित श्री गुरु रविदास ऐतिहासिक धर्मस्थल में रविवार को जेठा रविवार बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु घर पहुंचे और माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जेठा रविवार के उपलक्ष्य पर गुरु घर के मुख सेवादार बाबा केवल सिंह, बलजिंदर सिंह और दीपक सिंह के जत्थे ने संगत को श्री गुरु रविदास जी महाराज की पवित्र वाणी से जोड़ा और सत्संग के माध्यम से आध्यात्मिक संदेश दिया।
इस दौरान गुरु घर के मुखी बाबा केवल सिंह ने संगत से अपील करते हुए कहा कि 22 अप्रैल को एसडीएम गढ़शंकर कार्यालय के बाहर खुरालगढ़ साहिब में खोले गए शराब के ठेकों को हटाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस प्रकार सरकार ने श्री हरमंदिर साहिब, अमृतसर और आनंदपुर साहिब को पवित्र नगर घोषित किया है, उसी तरह श्री खुरालगढ़ साहिब को भी पवित्र नगर का दर्जा क्यों नहीं दिया जा सकता।
उन्होंने कहा कि यह वही पावन भूमि है, जहां श्री गुरु रविदास जी महाराज ने लगभग 4 वर्ष 11 महीने और 2 दिन व्यतीत किए थे।
कार्यक्रम के दौरान संगत ने श्रद्धा भाव से गुरु घर में दान अर्पित कर पुण्य प्राप्त किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष हरभजन सिंह, बाबा नरेश सिंह, बाबा सुखदेव सिंह, राजिंदर सिंह सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।