होशियारपुर, 05 सितंबर:- विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल शिमला पहाड़ी, होशियारपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राथमिक वर्ग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण कर कार्यक्रम में भक्ति एवं उल्लास का रंग भर दिया।
रंग-बिरंगे एवं आकर्षक परिधानों में सजे नन्हे विद्यार्थियों ने लोकप्रिय भक्तिमय गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। अपनी मासूम अदाओं, सुंदर वेशभूषा और शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से बच्चों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हे राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान अनुराग सूद, सचिव डॉ. हर्षविंदर सिंह पठानिया, प्रधानाचार्या शोभा रानी, मनीषा जोशी, मोनिका सहित समस्त स्कूल स्टाफ ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की तथा उन्हें आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नैतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का संचार किया तथा सभी ने जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।