होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- समता, समानता और भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से स्थापित आदि धर्म की 100वीं स्थापना वर्षगांठ के उपलक्ष्य में महान आदि धर्म समागम 1 नवंबर 2026, रविवार को डेरा संत मेला राम नगर में देश-विदेश की संगत द्वारा श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। इस समागम में शामिल होने के लिए लोकसभा क्षेत्र होशियारपुर के सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को संत सतविंदर हीरा, राष्ट्रीय अध्यक्ष ऑल इंडिया आदि धर्म मिशन भारत; संत धर्मपाल, धाम चानणपुरी शेरगढ़; ओम प्रकाश राणा, मीडिया प्रभारी आदि ने आमंत्रण पत्र दिया। इस अवसर पर चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. इशांक कुमार भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर श्री गुरु रविदास ऐतिहासिक धर्म स्थान चरणछोह सचखंड बेगमपुरा, श्री खुरालगढ़ साहिब के संत सतविंदर हीरा (राष्ट्रीय अध्यक्ष ऑल इंडिया आदि धर्म मिशन रजिस्टर्ड भारत) ने जानकारी देते हुए बताया कि महान आदि धर्म समागम 1 नवंबर 2026, रविवार को डेरा 108 संत मेला राम, नगर (फिल्लौर) में संत सरवण दास जी महाराज बोहन वालों के मार्गदर्शन और संत परमजीत दास जी नगर वालों की देखरेख में देश-विदेश की संगत द्वारा बहुत श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन समागमों में भारत की प्रमुख महान हस्तियों के अलावा संत-महापुरुष, बुद्धिजीवी, विद्वान और देश-विदेश की संगत बड़ी संख्या में शामिल होगी। उन्होंने समस्त संगत से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर आदि धर्म का झंडा बुलंद करें। उन्होंने जनगणना में आदि धर्म लिखवाने और आदि धर्म का कॉलम स्थापित करवाने के लिए समता, समानता और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश भी दिया।
