नंगल/ऊना, 11 अक्तूबर (राजवीर चोपड़ा):- भारत विकास परिषद (भा.वि.प.) भाखड़ा नंगल शाखा द्वारा जरूरतमंद लोगों एवं मरीजों की सहायता के लिए चलाए जा रहे सेवा कार्यों की कड़ी में एक सराहनीय पहल करते हुए गांव कैथेडा निवासी दिव्यांग महिला श्वेता को व्हीलचेयर भेंट की गई।

श्वेता की शारीरिक स्थिति ऐसी है कि वह न केवल चलने-फिरने में असमर्थ है, बल्कि अपने पैरों पर खड़ी भी नहीं हो सकती। उसकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने और जीवन को कुछ आसान बनाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद भाखड़ा नंगल शाखा ने प्राइमो केमिकल लिमिटेड, नया नंगल की कॉलोनी स्थित मंदिर में व्हीलचेयर उपलब्ध करवाई, ताकि श्वेता को आने-जाने तथा रोजमर्रा के कार्यों में सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर भारत विकास परिषद भाखड़ा नंगल ट्रस्ट के संस्थापक निदेशक एडवोकेट अशोक मनोचा एवं शाखा अध्यक्ष जगमोहन सिंह वालिया ने कहा कि भारत विकास परिषद एक सामाजिक एवं सेवा-समर्पित संस्था है, जो जरूरतमंद लोगों की सहायता और जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि शाखा भविष्य में भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों, दिव्यांगजनों एवं मरीजों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

इस अवसर पर श्वेता के माता-पिता सहित भारत विकास परिषद भाखड़ा नंगल शाखा की ओर से संस्थापक निदेशक एडवोकेट अशोक मनोचा, अध्यक्ष जगमोहन सिंह वालिया, सचिव इंजीनियर राजन सोनी, पूर्व कोषाध्यक्ष राजी छाबड़ा एवं मैडम बिंदु डोगरा उपस्थित रहे। मंदिर कमेटी की महिला कीर्तन मंडली की ओर से मैडम शशि वशिष्ठ, रीना, सरोज तथा पंडित दीपक जी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।