हिसार:-- श्री प्रभुभक्त संकीर्तन मंडल द्वारा विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में 22 मार्च को हिसार में आयोजित होने वाले हरियाणा के विशालतम हिंदू नववर्ष महोत्सव के लिए गृह संपर्क अभियान जोर-शोर से जारी है। महिला समिति अब तक 5 हजार से अधिक परिवारों से सीधा संपर्क साध चुकी है। श्री प्रभुभक्त संकीर्तन मंडल टीम, समरसता महिला समिति व हिंदू नववर्ष आयोजन समिति पूरे समन्वय के साथ हिंदू नववर्ष महोत्सव के प्रचार में जुटी है। 22 मार्च को प्रात: 7 बजे निकलने वाली ध्वजायात्रा के लिए भी संपर्क साधा जा रहा है। दरअसल इस महोत्सव के लिए मातृशक्ति का उत्साह देखने लायक है।
हिंदू नववर्ष महोत्सव की संयोजिका ममता सोनी ने बताया कि प्रो. दीपक कुमार ने 8 वर्ष पूर्व जिस अभियान की नींव हिसार में रखी थी, आज सम्पूर्ण नगर उसी सांस्कृतिक नवजागरण से जुड़ने को लालायित है। शहरभर में चल रहे कीर्तन मंडलों व अन्य संस्थाओं से संपर्क करके ढाई हजार से अधिक ध्वजा बुक हो चुकी है। उन्होंने बताया कि हिंदू नववर्ष महोत्सव में 22 मार्च को प्रात: 6 बजे ध्वजा वितरण किया जाएगा। प्रात: 7 से 10 बजे तक नई अनाज मंडी में स्थित श्री सत्यनारायण शिव मंदिर से विष्णुतिलक वाली अभिमंत्रित ध्वजा यात्रा निकाली जाएगी। न्यू ऋषि नगर, ऋषि नगर व सत्य नगर में सह प्रमुख कुसुम गोयल, हाउसिंग बोर्ड व सुंदर नगर में महिला प्रमुख उमेश राजपाल, विजय नगर, रामपुरा मोहल्ला व डोगरान मोहल्ला में अंजू सिंगल व रिंकू साहनी, सेक्टर-14 व सेक्टर 33 में अनिता बिंदल, दीपिका कौशिक व निता गर्ग सहित अन्य महिला कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से कार्य करते हुए संपर्क साध रही हैं।
ममता सोनी ने बताया कि इस बार हिसार की नई अनाज मंडी में स्थित श्री सत्यनारायण शिव मंदिर के सामने विशाल पंडाल में आयोजित होने वाला महोत्सव ऐतिहासिक होगा। इस महोत्सव में हिसार व आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि 22 मार्च को प्रात: 11 बजे विराट धर्मसभा का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं को भारत माता का आलौकिक स्वरूप भी देखने को मिलेगा। कई प्रसिद्ध गायक भजनों के माध्यम से श्री श्याम बाबा व भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान करेंगे। दोपहर 1 बजे श्री श्याम रसोई के माध्यम से सात्विक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भक्तों में चूरमा व फल का प्रसाद एवं करमाबाई का खीचड़ा वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिंदू नववर्ष महोत्सव में विहिप के केंद्रीय मंत्री अंबरीश जी और हरियाणा आरएसएस के प्रांत प्रचारक सुरेंद्रपाल जी विशेष रूप से पहुंचेंगे। इनके साथ ही देश व प्रदेश की कई प्रसिद्ध हस्तियां महोत्सव में हिस्सा लेंगी। इस आयोजन में छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति व हिंदू नववर्ष आयोजन समिति की विशेष भूमिका रहेगी।
22 मार्च के हिंदू नववर्ष महोत्सव के लिए गृह संपर्क अभियान जोरशोर से जारी
