हिसार, 28 मार्च : सनातन धर्म हनुमान मंदिर, नागोरी गेट हिसार का 70वां वार्षिक हनुमान जयंती महोत्सव 2 अप्रैल को धूमधाम से मनाया जाएगा। ट्रस्ट के प्रधान कैलाश चौधरी एडवोकेट, सचिव मधुसूदन गुप्ता व महोत्सव संयोजक प्रमोद मित्तल सीए ने संयुक्त बयान में कहा कि इस दिन सायं 5 बजे मंदिर प्रांगण से हनुमानजी की भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी जो नगर के प्रमुख बाजारों से होते हुए वापिस मंदिर में पहुंचेगी। शोभा यात्रा में अनेक झांकियों के साथ-साथ हनुमानजी की रंग-बिरंगे फूलों से सजाई झांकी आकर्षण का केंद्र होगी।
इसमें नगर की कई संकीर्तन मंडलियां भी भाग लेंगी व हनुमानजी का गुणगान करेंगी। शोभा यात्रा प्रमुख बाजारों, रेलवे रोड़, अग्रसैन चौक, गुरुद्वारा रोड़, तिलक बाजार, थाना रोड़, खजांचियान बाजार, वकीलान बाजार, मोती बाजार, दिल्ली गेट, आर्य बाजार, राजगुरु मार्केट से होते हुए मंदिर प्रांगण में आएगी। शोभा यात्रा के समापन पर रात्रि 7:30 बजे मंदिर प्रांगण में भंडारा चलाया जाएगा।
ट्रस्ट के प्रधान कैलाश चौधरी एडवोकेट, सचिव मधुसूदन गुप्ता व महोत्सव संयोजक प्रमोद मित्तल सीए ने बताया कि 3 अप्रैल से 11 अप्रैल तक प्रात: 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक व सायंकाल 4 बजे से सायं 7 बजे तक मंदिर प्रांगण में कथा व्यास पं. गिरधर गोपाल आसोपा व पं. सुशील आसोपा (जोधपुर वाले) की मधुर वाणी में संगीतमय श्रीनवाह्नपारायण रामायण पाठ किया जाएगा।
उन्होंने सभी नगर वासियों से हनुमान जयंती महोत्सव में बढ़ चढकऱ भाग लेने तथा हनुमानजी की झांकी के दर्शन करने व भंडारे में भाग लेने का अनुरोध किया है।
