नवांशहर, 24 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह कलेर):- श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर देश की राजधानी दिल्ली से पंजाब की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत करते हुए शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी ने दोबारा गठबंधन करने की औपचारिक घोषणा कर दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल द्वारा संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लिए गए इस फैसले को पंजाब के आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस घोषणा के साथ ही दोनों पार्टियों के बीच छह वर्षों से चली आ रही राजनीतिक दूरी भी समाप्त हो गई है।

इस ऐतिहासिक राजनीतिक घटनाक्रम का स्वागत करते हुए शिरोमणि अकाली दल (बादल) के वरिष्ठ नेता गुरप्रीत गुज्जर रेलमाजरा ने कहा कि गुरुपर्व के पवित्र अवसर पर हुआ यह गठबंधन अपने आप में विशेष महत्व रखता है। श्री गुरु नानक देव जी ने समूची मानवता को सर्वसांझीवालता, आपसी प्रेम, भाईचारे और सभी धर्मों का सम्मान करने का संदेश दिया था। आज इस पवित्र अवसर पर विभिन्न समुदायों के बीच साझेदारी और एकता का संदेश देने वाले इस गठबंधन की घोषणा होना एक महत्वपूर्ण संकेत है।

उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती गुरुओं, पीरों और पैगंबरों की धरती है, जहां हमेशा आपसी भाईचारे और सद्भावना को प्राथमिकता दी जाती रही है। अकाली दल और भाजपा का दोबारा एक साथ आना पंजाब की राजनीति में नए समीकरण पैदा करेगा और दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह पैदा होगा।

गठबंधन से पंजाब की राजनीति में आएगी नई हलचल

गुरप्रीत गुज्जर ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पहले भी लंबे समय तक एक साथ रहकर पंजाब की राजनीति में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। अब दोबारा एक साथ आने से आगामी विधानसभा चुनावों में नई राजनीतिक तस्वीर सामने आएगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा अकाली दल को गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका देने और मुख्यमंत्री का पद भी बड़े साझेदार के पास रहने के संबंध में दिए गए संकेत से अकाली कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।

उन्होंने कहा कि पंजाब को नशों, भ्रष्टाचार और अन्य गंभीर समस्याओं से मुक्त करवाने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता है। दोनों पार्टियों को पंजाब के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए राज्य की तरक्की, अमन-शांति तथा किसानों, व्यापारियों, युवाओं और आम लोगों के हितों के लिए काम करना चाहिए।

अंत में गुरप्रीत गुज्जर रेलमाजरा ने शिरोमणि अकाली दल और भाजपा की समूची हाईकमान को इस फैसले के लिए बधाई देते हुए गठबंधन का जोरदार स्वागत किया और उम्मीद जताई कि यह साझेदारी पंजाब के सुनहरे भविष्य, आपसी भाईचारे और विकास के लिए नई दिशा तय करेगी।