संतोषगढ़/ऊना, 19 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर संतोषगढ़-नंगल रोड स्थित इन्द्र पैलेस के सामने भगवान श्री परशुराम भवन स्थल पर ब्राह्मण कल्याण सभा संतोषगढ़ द्वारा एक विशाल धार्मिक सम्मेलन का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ब्राह्मण सभा के प्रदेश व जिला पदाधिकारी, ब्राह्मण कल्याण सभा संतोषगढ़ के सदस्य, विभिन्न गांवों से आए श्रद्धालु तथा नगर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः भगवान श्री परशुराम जी के पूजन के साथ हुई। इसके उपरांत विधायक सतपाल सिंह सत्ती का सम्मान किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने भगवान परशुराम जी के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें सर्वधर्म समभाव की भावना के तहत सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब हम एक-दूसरे के त्योहारों और परंपराओं का सम्मान करते हैं, तभी राष्ट्र मजबूत बनता है। उन्होंने समाज में भाईचारे और इंसानियत को सर्वोपरि रखने का संदेश देते हुए कहा कि हर नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए।
विधायक सत्ती ने भगवान परशुराम सामुदायिक भवन के निर्माण में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। इसके पश्चात सुंदरकांड का पाठ किया गया और दोपहर साढ़े 12 बजे से 3 बजे तक भंडारे का आयोजन किया गया।
इस दौरान ब्राह्मण सभा एवं भगवान परशुराम युवा वाहिनी के पदाधिकारियों और सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में भगवान परशुराम जी के चित्र को भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर ब्राह्मण कल्याण सभा के प्रदेश संरक्षक पं. शिव किशोर वासुदेवा, प्रधान शशी चब्बा, महासचिव डॉ. गुलशन शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भगवान परशुराम जयंती पर संतोषगढ़ में भव्य धार्मिक सम्मेलन विधायक सतपाल सिंह सत्ती रहे मुख्य अतिथि
