हरोली/ऊना, 23 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- कौशल रोलर फ्लोर मिल परिसर में आयोजित होने जा रहे भव्य रामायण पाठ का शुभारंभ कल किया जाएगा। इस पावन अवसर पर बाबा रुद्रानंद आश्रम के वेदांताचार्य श्री हेमानंद जी महाराज विशेष रूप से पधारेंगे और अपने अमृतमय प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।
जानकारी देते हुए आयोजक राकेश कौशल ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन उनकी सुपुत्री के विवाह उपलक्ष्य में करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महाराज श्री कल दोपहर 1 बजे कौशल फ्लोर मिल परिसर पहुंचेंगे, जहां उनका पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत वे रामायण पाठ के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश देंगे।
राकेश कौशल ने आगे बताया कि कार्यक्रम के अगले दिन राष्ट्रीय संत बाबा बालजी महाराज (कोटा कला वाले) भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे रामायण पाठ के समापन अवसर पर संकीर्तन करेंगे और अपने आशीर्वचनों से भक्तों को निहाल करेंगे।
इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।