करनाल,19 अगस्त:- भारत विकास परिषद, कृष्ण शाखा, करनाल द्वारा सनातन धर्म मंदिर, कुंजपुरा रोड, करनाल में भव्य “भारत माता की चौकी एवं देशभक्ति संध्या” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति के वातावरण को और अधिक जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देशभक्ति संगीत रहा। भारत विकास परिषद, कृष्ण शाखा के अनेक सदस्यों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत किया। इसके साथ ही सुषमा म्यूजिक अकादमी से आए कलाकारों एवं सदस्यों ने भी एक से बढ़कर एक रंगारंग देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिन पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से गूंजता रहा। देशभक्ति गीतों और संगीत की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भावपूर्ण एवं जोश से भर दिया। मुख्य अतिथि शिवनाथ कपूर जी ने अपनी उपस्थिति से सदस्यों का प्रोत्साहन बढ़ाया ।
कार्यक्रम में शाखा सदस्यों के साथ उनके परिवारों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सभी ने मिलकर स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र के प्रति अपना सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शाखा अध्यक्ष श्रीमती सोनिया मेहता एवं शाखा सचिव श्रीमती सुमन अरोड़ा का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। उनके नेतृत्व में शाखा के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात सभी उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए लंगर प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसे सभी ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।
भारत विकास परिषद, कृष्ण शाखा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण बना। कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों के मन में देश के प्रति प्रेम, सम्मान और समर्पण की भावना को और मजबूत किया।
भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा द्वारा भारत माता की चौकी एवं देशभक्ति संध्या का भव्य आयोजन
