हरोली/ऊना, 12 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- बैसाखी के उल्लास और लोक संस्कृति की रंगत के बीच राज्य स्तरीय ‘हरोली उत्सव–2026’ का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुकेश अग्निहोत्री की उपस्थिति में सोमभद्रा नदी तट स्थित हरोली मैदान, रोड़ा में विधिवत उद्घाटन किया। यह उत्सव 11 से 14 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर की पावन ज्योति की पूजा-अर्चना से हुई, जिससे पूरे वातावरण में आस्था और उत्साह का संगम देखने को मिला। इससे पूर्व बस अड्डा परिसर से निकली भव्य शोभायात्रा ने आयोजन को जनोत्सव का रूप दे दिया। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और पारंपरिक वेशभूषा में सजे सांस्कृतिक दलों ने माहौल को जीवंत बनाए रखा, जबकि सड़कों के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी।
मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री के साथ खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान विधायक राकेश कालिया, सुदर्शन बबलू और विवेक शर्मा भी उपस्थित रहे।
शाम को आयोजित पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हरोली उत्सव प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन की भव्यता के लिए उपमुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह उत्सव जन-जन का पर्व है, जो क्षेत्र में खुशी, ऊर्जा और एकता का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल ने अपने लोकप्रिय गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
आयोजकों के अनुसार, 12 अप्रैल को जी खान और प्रभ गिल अपनी प्रस्तुतियों से उत्सव में और रंग जमाएंगे।
बैसाखी संग लोक रंग हरोली उत्सव 2026 का भव्य आगाज़ मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
