हरोली/ऊना, 31 मई (राजवीर चोपड़ा):- टाहलीवाल के वार्ड नंबर-6 स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में रविवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया और बाबा बालक नाथ जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बिक्की एंड पार्टी द्वारा बाबा बालक नाथ जी का गुणगान एवं भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया गया। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया और उपस्थित संगत भाव-विभोर होकर बाबा जी की महिमा का गुणगान सुनती रही।
धार्मिक कार्यक्रम के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के सेवादार सतनाम सिंह ने बताया कि पिछले लगभग 20 वर्षों से बाबा बालक नाथ जी के सम्मान में यह भंडारा निरंतर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में वार्ड नंबर-6 तथा मोहल्ले के सभी निवासियों का सराहनीय सहयोग रहता है।
इस अवसर पर वार्ड नंबर-6 के पार्षद अजय सहजल विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं चमन लाल, मिठु, राजू, चिरंजी लाल, कश्मीरी लाल, मोहिंदर सिंह, अर्जुन सिंह, सरदारी लाल, अशोक कुमार, सुखदेव सिंह, सोनू सहित अन्य सेवादारों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
