होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पंजाब भाजपा चुनाव घोषणा पत्र समिति के चेयरमैन, पूर्व सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री न बन पाने की हताशा में राहुल गांधी अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें इतनी गहरी और मजबूत हैं कि किसी के राजनीतिक बयानों से न तो लोकतंत्र कमजोर हो सकता है और न ही सरकारें बदल सकती हैं।
खन्ना ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारत में लोकतंत्र समाप्त होने की बात करते हैं, लेकिन उन्हें यह भी समझना चाहिए कि यदि देश में लोकतंत्र समाप्त हो गया होता तो कांग्रेस आज विभिन्न राज्यों में चुनाव जीतकर सरकारें बनाने और सत्ता में भागीदारी करने की स्थिति में नहीं होती। तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें बनना तथा अन्य राज्यों में गठबंधन सरकारों का हिस्सा होना इस बात का प्रमाण है कि भारत का लोकतंत्र पूरी मजबूती से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र भारत की सांसों, सभ्यता, संस्कारों, परंपराओं, सोच-विचार और व्यवहार में रचा-बसा है। भारत में लोकतंत्र सदियों से जीवंत है और संविधान की मजबूत व्यवस्था के आधार पर आगे भी कायम रहेगा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा वोट चोरी जैसे मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाना उसकी राजनीतिक रणनीति हो सकती है, लेकिन इससे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती पर सवाल नहीं उठाया जा सकता। खन्ना ने कहा कि भारत का लोकतंत्र और संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार देते हैं, लेकिन किसी विदेशी व्यक्ति द्वारा भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ 'वोट चोर, गद्दी छोड़' जैसे नारे लगाना बेहद शर्मनाक और निराधार है। उस विदेशी नेता की राजनीतिक पहचान और कद चाहे जो भी हो, लेकिन उसका बयान और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का इस प्रकार के व्यवहार को समर्थन देना दोनों ही गंभीर चिंता का विषय हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से लोकसभा के सदस्य हैं, ऐसे में उनसे अपेक्षा की जाती है कि उनके व्यवहार और बयानों में अधिक गंभीरता, परिपक्वता और जिम्मेदारी दिखाई दे, जो कि उनके बयानों से नहीं लगता। खन्ना ने कहा कि सरकारें बयानों, आरोपों और नारों से नहीं, बल्कि जनता के जनादेश से बदलती हैं। लोकतंत्र में जीत-हार का फैसला राजनीतिक अखाड़े में शोर मचाने से नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतने से होता है।
