करनाल/इंद्री, 8 नवंबर: करनाल-गोरगढ़, इंद्री स्थित जेनिसिस इंटरनेशनल स्कूल (केवल बालिकाओं के लिए) का भव्य उद्घाटन गीता मनीषी परमपूज्य स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज के कर-कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षाविद, अभिभावक और छात्राएं सम्मिलित हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, तिलक एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। जेनिसिस क्लासेस, करनाल इंटरनेशनल स्कूल और दी जेनिसिस स्कूल के विद्यार्थियों ने मिलकर गीता श्लोकों का सामूहिक उच्चारण किया, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से गूंज उठा।

गीता मार्ग ही जीवन का सार –स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज : 
अपने आशीर्वचन में स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा - “गीता का एक श्लोक भी यदि जीवन में आत्मसात कर लिया जाए तो जीवन के कष्ट स्वतः दूर हो जाते हैं। जीवन यात्रा में जिसका लक्ष्य श्रेष्ठ, भावना सच्ची और विश्वास दृढ़ होता है, सफलता निश्चित है।
उन्होंने कहा कि समाज में बालिकाओं का शिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि एक शिक्षित बेटी पूरे परिवार और समाज का भविष्य संवारती है। महाराज जी ने जेनिसिस समूह द्वारा यह पहल करने के लिए संस्थान के निदेशक मंडल को हार्दिक बधाई दी।
आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के लिए विशेष योजना- संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 6वीं से बोर्ड की पढ़ाई के साथ-साथ नीट, जेईई और एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 9वीं व 11वीं कक्षा की प्रथम 10-10 छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी, साथ ही इंद्री क्षेत्र के प्रत्येक गांव से एक छात्रा को भी मुफ्त शिक्षा का अवसर प्रदान किया जाएगा।
आधुनिकता और संस्कारों का संगम- कर्नल अरुण दत्ता, चेयरमैन करनाल इंटरनेशनल स्कूल ने विद्यालय की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि यह संस्थान आधुनिक शिक्षा प्रणाली के साथ भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर आधारित होगा।
इंद्री विधायक श्री रामकुमार कश्यप ने कहा कि इंद्री क्षेत्र के लिए यह गर्व की बात है कि यहां बालिकाओं के लिए आवासीय स्कूल शुरू हो रहा है। इससे क्षेत्र की बेटियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।
गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति-कार्यक्रम में विभाग संघ चालक सुधीर जी, करनाल विधायक जगनमोहन आनंद, इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप, जेनिसिस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के फाउंडर जितेंद्र सिंह अहलावत, राजिंदर गोलन , मन्नत बंसल  सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
मैनेजिंग डायरेक्टर श्री जितेंद्र सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य सुश्री अंकिता शर्मा  व प्रशासक आत्मा राम भारद्वाज ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
जेनिसिस इंटरनेशनल स्कूल (केवल बालिकाओं के लिए), गोरगढ़, इंद्री  जेनिसिस ग्रुप ऑफ स्कूल्स की एक पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों की बालिकाओं को आधुनिक, मूल्य-आधारित एवं प्रतियोगी शिक्षा प्रदान करना है।