हिसार, 8 मार्च:- तरसेम नगर स्थित मंदिर सिद्ध बाबा बालकनाथ व दुर्गा माता मंदिर की झंडे की 57वीं वार्षिक शोभा यात्रा आज सुबह मंदिर प्रांगण से शुरू हुई। शोभा यात्रा का शुभांरभ विशेष बैंड के साथ हुआ। इस दौरान मंदिर प्रांगण ‘जय बाबे दी’ व ‘जय माता दी’ के जयघोष से गूंज उठा। मंदिर के मुख्य सेवक रामचरण गुप्ता ने बताया कि भगत संजीव कुमार महाराज सुबह 7 बजे श्रद्धालुओं के साथ मंदिर प्रांगण से झंडा फेरी के साथ रवाना हुए। इस दौरान भगत संजीव कुमार महाराज ने श्रद्धालुओं के घरों में बाबा जी की ज्योत प्रज्जविलत की। 
शोभा यात्रा तरसेम नगर, मिल गेट, नई सब्जी मंडी, जहाज पुल चौक, पड़ाव चौक, राजगुरु मार्केट, नागोरी गेट से लाहौरिया चौक, 12 क्वार्टर रोड, शिव नगर होते हुए दोपहर बाद मंदिर पहुंची। मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रवचन देते हुए भगत संजीव कुमार महाराज  ने कहा कि पेट तो हर जीव भरता है लेकिन भगवान ने मनुष्य को हर तरह की सोचने व समझने की शक्ति दी है। इसलिए हमें प्रभु की दी हुई इस शक्ति का सही प्रयोग करते हुए ऐसे कार्य करने चाहिए जिससे कि हमारे कार्य से भगवान भी खुश हो। 
उन्होंने कहा कि भगवान के नाम के सिमरन से हम अपनी अनेक समस्याओं का हल पा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सत्संग में प्रभु विराजमान रहते हैं। उन्होंने कहा कि सच्ची लग्न से भक्ति की जाए तो भगवान भक्त के सभी दुखों का निवारण कर देते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने माता-पिता, बुजुर्गों व गुरुजनों का आदर करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए।