लालड़ू:- कहते हैं कि किस्मत बदलते देर नहीं लगती। इसका उदाहरण लालड़ू के नजदीकी गांव हमायूंपुर के किसान बलजिंदर सिंह के रूप में सामने आया है, जिनकी 12 करोड़ रुपये की पंजाब दिवाली बंपर लॉटरी निकलने से परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। इस बड़ी जीत से पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार करीब 45 वर्षीय बलजिंदर सिंह पुत्र महिंदर सिंह खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने दिवाली से पहले हंडेसरा के लॉटरी विक्रेता आशु गर्ग से दिवाली बंपर का टिकट खरीदा था। बीती रात करीब 11 बजे जब उन्हें 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम निकलने की सूचना मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
बच्चों के पिता बलजिंदर सिंह का परिवार अब तक साधारण जीवन व्यतीत कर रहा था। अचानक मिली इस बड़ी खुशखबरी ने परिवार की खुशियां दोगुनी कर दी हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार इनामी राशि के इस्तेमाल को लेकर अभी कोई योजना नहीं बनाई गई है। इनाम की राशि प्राप्त करने के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करवाने के उद्देश्य से बलजिंदर सिंह अपने साथियों के साथ जीरकपुर स्थित रतन लॉटरी के कार्यालय के लिए रवाना हो गए। इस जीत ने साबित कर दिया कि किस्मत का दरवाजा कब खुल जाए, कोई नहीं जानता।
