हांसी, 03 अक्तूबर (दिनकर गावड़ी):- महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं भारत सरकार में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. नेहा धवन ने हांसी क्षेत्र के छह आंगनवाड़ी केंद्रों का दौरा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित "सेवा संकल्प अभियान" के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। "आंगन मिलन" का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान तक स्वास्थ्य, पोषण और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। डॉ. नेहा धवन ने बताया कि इस पहल के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल बच्चों और महिलाओं की देखभाल का केंद्र न बनाकर जन-जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता का सशक्त माध्यम बनाने पर जोर दिया जा रहा है। डॉ. धवन ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, बच्चों और परिवारों को संतुलित पोषण, स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से केंद्रों पर संचालित गतिविधियों, बच्चों की देखभाल, पोषण व्यवस्था तथा महिलाओं और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली।
हांसी की वकील कॉलोनी और नहर के नजदीक स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों तथा मंडी सैनियान के दो आंगनवाड़ी केंद्रों पर डॉ. नेहा धवन ने दौरा किया।
डॉ. नेहा धवन ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों तक स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बच्चों के पोषण, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा माताओं को संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान महिलाओं को गर्भावस्था एवं मातृत्व के दौरान पोषण, बच्चों के संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
डॉ. नेहा धवन ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चा ही मजबूत परिवार और सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने केंद्रों पर बच्चों और महिलाओं के लिए बेहतर वातावरण बनाए रखने तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। इन कार्यक्रमों में अनेक महिला और बच्चे उपस्थित रहे। आंगनवाड़ी वर्कर मीनू बाला, अनीता रानी, आरती, अनीता, पार्वती, प्रोमिला, सुशीला, प्रियंका, सरोज, हेल्पर रोशनी, अंजू, हर्षा, शारदा, किस्मती, किरण, गीता, सीमा, माया और अर्चना आदि उपस्थित थे।
