धूरी, 7 जुलाई:- पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित शुरू किए गए विशेष डॉक्यूमेंट्री अभियान के तहत आज अभियान के पहले दिन धूरी विधानसभा क्षेत्र के गांव भलवान और पलासौर में श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन एवं पवित्र शिक्षाओं पर आधारित 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित इस डॉक्यूमेंट्री को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने देखा तथा श्री गुरु रविदास जी महाराज के समानता, सामाजिक न्याय, ईश्वर भक्ति और सर्वजन भाईचारे के संदेश से प्रेरणा प्राप्त की।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए मार्केट कमेटी धूरी के चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व ऐतिहासिक एवं श्रद्धापूर्वक मना रही है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी के तहत विशेष रूप से तैयार की गई यह डॉक्यूमेंट्री गुरु साहिब का अमर संदेश प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचा रही है।
चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली ने कहा कि धूरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में इस डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि समाज के हर वर्ग के लोग, विशेषकर युवा पीढ़ी, श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, उनके विचारों तथा समानता पर आधारित समाज की अवधारणा से परिचित हो सके। उन्होंने कहा कि 30 मिनट की यह डॉक्यूमेंट्री संक्षिप्त होने के बावजूद अत्यंत प्रभावशाली है, जो श्री गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं को सरल, सहज और प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री श्री गुरु रविदास जी महाराज को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक असमानता जैसी कुरीतियों को समाप्त करने तथा भेदभाव रहित, समानता और भाईचारे पर आधारित समाज के निर्माण के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में आपसी सद्भाव को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपने महान गुरुओं के जीवन और आदर्शों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर गांवों के पंचायती प्रतिनिधि, समाजसेवी, धार्मिक हस्तियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
गांव भलवान और पलासौर में श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया
