रतिया, 26 जनवरी:- उपमंडल स्तर पर 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अनाज मंडी में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान समारोह में जिला परिषद की चेयरपर्सन एडवोकेट  सुमन खीचड़ ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। उन्होंने समारोह से पहले अधिकारियों के साथ शहीद उधम सिंह, शहीद देवेन्द्र सिंह व शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पुष्पार्पित कर नमन किया। गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें देशभक्ति के गीतों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। 
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानीयों व उनके आश्रितों, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं, अधिकारियों, स्कूली बच्चों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र व शोल भेंट कर सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही। समारोह में जिला परिषद की चेयरपर्सन ने गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सन 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान के कारण हम सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला। 
उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्र शेखर और उधम सिंह जैसे क्रांतिकारीयों के बलिदानों के कारण ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। स्वतन्त्रता आन्दोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले हरियाणावासियों की याद में अम्बाला में स्वतन्त्रता संग्राम स्मारक बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में भी हमने नई ऊँचाइयों को छुआ है। हमारी कितनी ही नीतियों और योजनाओं का देश के दूसरे राज्य अनुसरण कर रहे हैं। जिला परिषद की चेयरपर्सन एडवोकेट सुमन खीचड़ ने कहा कि मैं देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करती हूँ। 
इस दिशा में सैनिक व अर्ध-सैनिक कल्याण विभाग का गठन किया है। युद्ध के दौरान शहीद हुए हरियाणा के सैनिकों और अर्ध-सैनिक बलों के जवानों तथा अग्निवीरों की अनुग्रह राशि एक करोड़ रुपये कर दी गई है। अग्निवीरों के लिए सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा 1984 के दंगा पीड़ितों के आश्रितों को सरकारी नौकरियां देने की प्रक्रिया शुरू की गई हैं। वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए समस्त हरियाणा और प्रत्येक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान की दिशा में निरंतर कार्य किया है। 
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के दर्शन के अनुरूप प्रदेश के सभी परिवारों का पहचान पत्र बनाया गया, जिससे पात्र परिवारों को घर बैठे ही सरकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किया गया है। किडनी रोग से पीड़ित रोगियों को सभी सरकारी अस्पतालों एवं मेडिकल कालेजों में निशुल्क डायलिसिस की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। आयुष्मान भारत चिरायु योजना के तहत 70 साल से अधिक बुजुर्गो को 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। 
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत दो चरणों में 50-100 वर्ग गज के 12,031 प्लाट दिए गए हैं। यही नहीं, कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कर्मचारियों की भर्ती में भी गरीब परिवारों के युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा निगम के माध्यम से लगे कर्मचारियों की नौकरियां सुरक्षित करने का प्रावधान किया गया है। उसी प्रकार, कृषि क्षेत्र में मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल बनाकर किसान कल्याण की अनेक योजनाओं को जोड़ा गया है। 
एमएमपी पर सभी 24 फसलों की खरीद कर बिक्री की राशि सीधे 48 घण्टे में किसानों के खाते में भेजी जा रही है। किसानों को 415 रुपए प्रति क्विंटल तक गन्ने का भाव दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री किसान खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत 5 लाख रुपए तक की राशि प्रदान की जा रही है। बागवानी फसलों को मौसम की मार से बचाने के लिए मुख्यमंत्री बागवानी बीमायोजना शुरू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। खेतों में पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए कैथल, कुरूक्षेत्र व फतेहाबाद में बायोगैस परियोजनाएं स्थापित की हैं जिनसे 49.8 मैगावाट बिजली उत्पन्न हो रही है। 
पराली प्रोत्साहन योजना के तहत किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के लिए 412 करोड़ रुपए से अधिक की राशि वितरित की गई है। सरकार ने युवाओं की योग्यता का सम्मान किया है तथा 1 लाख 80 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। आज खेल जगत में हरियाणा का बडा नाम है। हमारे युवा बडी उपलब्धियां प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। 
चेयरमैन ने कहा कि बहन बेटियों को उच्चतर शिक्षा की सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार ने 20किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज स्थापित किया है। प्रदेश में अब तक 81 नए कॉलेज खोले गए हैं। इनमें से 31 केवल लड़कियों के लिए हैं। सुपर 100 कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को विशेषज्ञ संस्थाओं के माध्यम से एनडीए तथा एसएसबी की तैयारी करवाई जाती है।
 महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना क्रियान्वित की गई है। अब तक तीन किस्तों में 8.63 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में 441 करोड़ रुपए की राशि भेजी गई है। छोटे बच्चों को गुणवतापूर्ण प्री स्कूल शिक्षा प्रदान करने के लिए 4000 आंगनवाडी केन्द्रों को प्ले वे स्कूलों में अपग्रेड किया गया है तथा बच्चों को कुपोषण से निजात दिलाने के लिए पोष्टिक आहार दिया जा रहा है। सरकार ने 50 प्रतिशत आंगनवाडी कार्यकर्ताओं को सुपरवाईजर के पदों पर पदौन्नत करने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर एएसपी दिव्यांशी सिंगला, रतिया एसडीएम सुरेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार विचित्रा नन्द, थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग, बीडीपीओ हनीश कुमार, शशि प्रकाश, विकास कुमार लंग्यान, नपा सचिव सुभम, शहरी मंडल अध्यक्ष अंकित सिंगला, मार्केट कमेटी प्रधान राजू मेहता, उपाध्यक्ष कुलवंत सैनी, विज्ञान सागर बाघला, जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष खीचड़, नपा चेयरमैन प्रतिनिधि महेश खन्ना, डा सुनील इंदौरा, जोगिंद्र नन्दा, कुलवंत सैनी, सुखविंद्र गोयल, रमेश मेहता, जिला पार्षद वकील नथवान, सुश्री बीबो इंदौरा, उमाकांत सिंगला, साहित्यकार डा. नैब सिंह मंडेर, बीएल बतरा, गुरचरण सिंह खोखर, ब्लाक समिति नागपुर अध्यक्ष गुरप्रीत कौर, केवल कृष्ण मेहता,  प्रतिनिधि गुरतेज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्षद, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।