हांसी (दिनकर गावड़ी):- पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक अमित खत्री ने राखीगढ़ी महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीसी राहुल नरवाल के साथ राखीगढ़ी के रेस्ट हाउस में बैठक की। बैठक में संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को आपसी तालमेल से काम करने और सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए गए।
राखीगढ़ी में 19 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य विश्व प्रसिद्ध हड़प्पा सभ्यता की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से पर्यटकों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों को राखीगढ़ी के इतिहास से परिचित करवाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में निदेशक अमित खत्री ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और पर्यटकों की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान हड़प्पा सभ्यता से संबंधित प्रदर्शनी, हेरिटेज वॉक, शैक्षणिक गतिविधियां, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला प्रतियोगिताएं, ग्रामीण खेल और हरियाणवी लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इन गतिविधियों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
महोत्सव में स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने महोत्सव से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो और राखीगढ़ी की ऐतिहासिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जा सके।
डीसी राहुल नरवाल ने राखीगढ़ी महोत्सव के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने विभागवार समीक्षा भी की।
इस दौरान नारनौंद के एसडीएम विकास यादव, डीएसपी देवेंद्र नैन, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के उपनिदेशक नरेंद्र परमार, सिविल सर्जन डॉ. राहुल बुद्धिराजा, डीआरओ राजकुमार, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, डीएफएससी अनुराधा, डीईओ महेंद्र श्योराण, विनोद श्योराण, दिनेश श्योराण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
